बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड में बढ़ी चौकसी, रवि कुमार ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रांची में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रवि कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रवर्तन एजेंसियों के साथ बैठक की। उन्होंने झारखंड-बिहार सीमा पर अवैध नकदी, शराब, ड्रग्स और अन्य सामग्रियों की आवाजाही पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए सीमावर्ती जिलों में मिरर चेकपोस्ट सक्रिय रखने और संदिग्ध स्थलों पर कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया।

रांची: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीइओ) के रविकुमार ने राज्य की सभी प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुखों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी एजेंसियों को आपसी समन्वय से बिहार की प्रवर्तन इकाइयों के साथ भी तालमेल बनाकर काम करने का निर्देश दिया। कहा चुनाव प्रभावित करने वाली हर अवैध गतिविधि पर रोक सुनिश्चित होनी चाहिए। बिहार में विधानसभा चुनाव को देखते हुए आदर्श आचार संहिता लागू है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि बिहार राज्य से झारखंड के 10 जिले की सीमा सटे हुए हैं। 

इस कारण दोनों राज्यों की सीमाओं पर मिरर चेकपोस्ट बनाये गये हैं। इन चेकपोस्टों को पूरी तरह सक्रिय रखते हुए नकदी, शराब, ड्रग्स व अन्य प्रलोभन सामग्रियों की अवैध आवाजाही पर सख्त निगरानी रखी जाये। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने प्रवर्तन एजेंसियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए बिहार से सटे सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय निगरानी रखने का निर्देश दिया। अधिकारियों को संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी करने, अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त करने व अवैध सामग्री की जब्ती के बाद उसके बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी माइकल राज, वाणिज्य कर विभाग के आयुक्त अमित कुमार, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के आयुक्त लोकेश कुमार मिश्रा, आइजी धनंजय कुमार, आइजी अश्विनी कुमार, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार व देव दास दत्ता के अलावा नारकोटिक्स, इनकम टैक्स और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

 

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More