Ranchi News: देश एवं राज्य स्तर के चित्रकार कैनवास के जरिए मतदाताओं को करेंगे जागरूक
-1024x614.jpg)
रांची: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि झारखण्ड के युवा एवं शहरी मतदाताओं को मतदान हेतु जागरूक करने के लिए “आर्ट 81” कार्यक्रम का 18 से 19 अक्टूबर को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम, रांची में आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम में मतदाताओं को झारखण्ड की कलाकृति, संस्कृति एवं चित्रकारी के माध्यम से मतदान के प्रति ज्ञानवर्धन एवं सजग करने का कार्य किया जाएगा. वे आज निर्वाचन सदन में “आर्ट 81” कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के लिए जिले एवं मुख्यालय स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि दो दिवसीय कला महोत्सव का जनसंपर्क के विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं के बीच वृहत प्रचार प्रसार करें. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के आयोजन का संपूर्ण तैयारी ससमय कर लें. साथ ही पदाधिकारी इस ओर भी तैयारी कर लें की अन्य राज्यों से आने वाले कलाकारों अथवा कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों एवं दर्शकों के लिए कार्यक्रम में उचित व्यवस्ता सुनिश्चित हो.
क्या है “आर्ट 81” ?
आर्ट 81 मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा स्वीप के तहत आयोजित 2 दिवसीय कला महोत्सव है जिसका आयोजन 18 एवं 19 अक्टूबर को रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में मनाया जा रहा है.
ये हैं कार्यक्रम :
- राष्ट्र एवं राज्य स्तर के कलाकारों द्वारा कार्यक्रम स्थल पर चित्रकारी किया जायेगा.
- नए वोटरों को आकर्षित करने के लिए मनोरंजक कार्यक्रमों जैसे नुक्कड़ नाटक, रंगोली, भाषण आदि का आयोजन
- झारखण्ड के कलाकृति एवं संस्कृति की मिलेगी झलक
- मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्टॉल की होगी व्यवस्था.
- आरजे एवं डीजे द्वारा कार्यक्रम का किया जायेगा संचालन.
- स्थानीय फूड स्टॉल में लजीज व्यंजनों की उपलब्धता.
दिव्यांग मतदाताओं की सुविधाओं की उपलब्धता के लिए की गई राज्य स्तरीय बैठक
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि आगामी विधानसभा निर्वाचन को देखते हुए दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के क्रम में आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं जैसे मतदान केंद्रों तक रैम्प, व्हीलचेयर, शौचालय, आवश्यकता अनुसार वालंटियर की व्यवस्था करने के लिए पूर्व से ही कार्ययोजना तैयार करते हुए इनके अनुपालन की व्यवस्था करनी है. उन्होंने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक करने के साथ ही उनके मतदान प्रक्रिया को सहज बनाने के लिए पदाधिकारी कार्य योजना सुनिश्चित कर लें. वे आज राज्य स्तरीय “स्टीयरिंग कमेटी ऑन एक्सेसिबल इलेक्शन” की बैठक को संबोधित कर रहे थे.
दिव्यांग मतदाताओं को शिक्षित करने के लिए वीडियो बनाए जाने का निर्देश
के.रवि कुमार ने कहा कि मतदाताओं को उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मुख्यालय स्तर से प्रशिक्षण वीडियो बना लें. साथ ही सक्षम ऐप के बारे में भी वृहत प्रचार प्रसार के माध्यम से सभी दिव्यांगों के बीच इसकी जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों में रैंप की मरम्मती करा लें साथ ही शौचालय, रनिंग वाटर एवं बिजली की उपलब्धता भी सुनिश्चित कर लें.
उन्होंने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं के मतदान से संबंधित भ्रांतियों को दूर करते हुए उनके शत प्रतिशत मतदान के प्रति उन्हें सजग करें. वैसे दिव्यांग मतदाता जो मतदान केंद्र तक आने में असक्षम हैं उन्हें चिन्हित करें एवं मतदान के दौरान उनके होम वोटिंग की भी व्यवस्था करें. इसके साथ ही सक्षम दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्रों पर उपस्थित होकर मतदान के लिए प्रेरित भी करें.


