Sahibganj News: त्योहारों पर रेल यात्रियों को बड़ी राहत, मालदा टाउन से हरिद्वार चलेगी पूजा स्पेशल

त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन।
कुल 14 फेरों में होगी संचालित

दुर्गापूजा, दीपावली और छठ पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने शुरू की विशेष सेवा

साहिबगंज: दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्व रेलवे ने पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। मालदा टाउन से हरिद्वार के बीच चलने वाली इस विशेष ट्रेन से बिहार, झारखंड और बंगाल के यात्रियों को हरिद्वार के लिए अतिरिक्त रेल सेवा मिलेगी। यह ट्रेन सीमित अवधि के लिए संचालित की जाएगी।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 03437 मालदा टाउन-हरिद्वार पूजा स्पेशल प्रत्येक शनिवार चलेगी। इसका संचालन 17 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक होगा और इस दौरान ट्रेन कुल 7 फेरे लगाएगी। मालदा टाउन से यह ट्रेन सुबह 10 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 5 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 03438 हरिद्वार-मालदा टाउन पूजा स्पेशल प्रत्येक रविवार चलेगी। यह ट्रेन 18 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक कुल 7 फेरे लगाएगी। हरिद्वार से ट्रेन शाम 6:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 11:55 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी।

साहिबगंज समेत इन स्टेशनों पर ठहराव

पूजा स्पेशल ट्रेन को न्यू फरक्का, बरहरवा, साहिबगंज, कहलगांव, सुल्तानगंज, अभयपुर, मोकामा, बख्तियारपुर, राजेन्द्र नगर, दानापुर, आरा, बक्सर, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, सुल्तानपुर, उतरेटिया, आलम नगर, बरेली, मुरादाबाद और लक्सर में ठहराव दिया गया है।

इससे साहिबगंज, भागलपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की ट्रेनों में आरक्षण की मांग बढ़ने के बीच यह विशेष ट्रेन अतिरिक्त रेल क्षमता उपलब्ध कराने में मदद करेगी।

22 कोच के साथ चलेगी ट्रेन

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में जनरल, स्लीपर और एसी कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन में एसी 3-टियर के 4, स्लीपर के 10, जनरल सेकेंड क्लास (जीएस) के 6 और एसएलआरडी के 2 कोच होंगे। इस तरह ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।

त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली वेटिंग के बीच पूजा स्पेशल से यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होने की उम्मीद है।

जल्द घोषित होगी बुकिंग की तारीख

त्योहारों के दौरान संभावित यात्री भीड़ को देखते हुए मालदा टाउन-हरिद्वार पूजा स्पेशल को लेकर यात्रियों में रुचि बढ़ सकती है। रेलवे के अनुसार ट्रेन की बुकिंग की तारीख जल्द घोषित की जाएगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और बुकिंग की आधिकारिक पुष्टि जरूर कर लें।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More