मुरी में रेल हादसा, दो इंजनों में से एक पलटा और दूसरा हुआ डिरेल

रांची: मुरी स्टेशन के पास रेल हादसे की खबर सामने आई है. जहां एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने की सूचना है. मिली जानकारी के अनुसार मुरी स्टेशन के पास दो इंजन वाली मालगाड़ी के डिरेल होने की खबर है. वहीं दूसरे इंजन के पलटने की सूचना है. हालांकि हादसे में जान-माल के नुकसान की फिलहाल कोई सूचना नहीं है. मिली जानकारी के अनुसार मुरी स्टेशन से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ.
दरअसल, मालगाड़ी लोहरदगा से चलकर मुरी स्थित हिंडाल्को प्लांट पहुंची थी. जिसके बाद मालगाड़ी अनलोडिंग कर वापस लौट रही थी. इसी दौरान लगाम नामक जगह पर मालगाड़ी के दोनों इंजन पटरी से उतर गए. जिसमें एक इंजन पटरी से उतर गया, जबकि दूसरा जमीन पर पलट गया. जिस स्थान पर मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई है, वह सुइसा रेलवे डिवीजन के अंतर्गत आता है. डीएसपी रणवीर सिंह ने बताया कि मालगाड़ी पटरी से उतर गई है और किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ है. पुलिस की एक टीम भी मौके पर है और बचाव कार्य कर रही है.


