Bokaro News: उपायुक्त अजय नाथ झा का निर्देश, ग्रामीण जलापूर्ति सुदृढ़ करने को अधिकारी करेंगे जल संवाद

बोकारो: मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने जिले में ग्रामीण जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं पेयजल से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर प्रतिमाह चार जल संवाद आयोजित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, चास/तेनुघाट समेत संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संवाद के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली जाए। उपायुक्त ने कहा कि प्रतिमाह आयोजित होने वाले चार जल संवाद में से दो संवाद जिले के वरीय पदाधिकारियों के स्तर से किए जाएंगे। इनमें एक जल संवाद में स्वयं उपायुक्त तथा दूसरे में उप विकास आयुक्त शामिल होंगे।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था, जल गुणवत्ता, लीकेज की समस्या एवं नियमित रखरखाव की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि, हमारा गांव, हमारे लोग’ अभियान के तहत इस दिशा में पहल शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में उपायुक्त अजय नाथ झा ने पिछले दिनों चास प्रखंड के कुमारदागा पंचायत अंतर्गत रानीचिड़का गांव में जल संवाद किया था। वहीं, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने जरीडीह प्रखंड के बांधडीह नॉर्थ ग्राम पंचायत अंतर्गत बांधडीह राजवाड़ीडीह टोला का निरीक्षण कर ग्रामीणों से संवाद किया था।
उधर, इसी क्रम में जल जीवन मिशन के तहत मंगलवार को आयोजित 11वें सुजल ग्राम संवाद में जिले के गोराबाली साउथ पंचायत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, भारत सरकार के सचिव अशोक के.के. मीणा ने की। इस दौरान पंचायत की ओर से हर घर जल, जल गुणवत्ता परीक्षण, लीकेज की रोकथाम एवं जलापूर्ति व्यवस्था के रखरखाव से जुड़े अनुभव साझा किए गए।


