Bokaro News: सीआरएम-III विभाग में आयोजित हिंदी कार्यशाला में संवैधानिक और वैधानिक प्रावधानों की मिली जानकारी

बोकारो इस्पात संयंत्र के CRM-III विभाग में आयोजित हिंदी कार्यशाला में उपस्थित मुख्य महाप्रबंधक व अन्य अधिकारी।

बोकारो: इस्पात संयंत्र में राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत सीआरएम-III विभाग में हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य महाप्रबंधक (सीआरएम-III), महाप्रबंधक (सीआरएम-III), महाप्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन) सहित सीआरएम-III तथा संपर्क एवं प्रशासन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।कार्यशाला के दौरान बोकारो इस्पात संयंत्र के राजभाषा अधिकारी, सहायक महाप्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन) ने राजभाषा हिंदी के कार्यान्वयन से संबंधित संवैधानिक एवं वैधानिक प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग तथा राजभाषा नीति के प्रभावी अनुपालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य महाप्रबंधक (सीआरएम-III) ने कहा कि दैनिक कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने से राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन को गति मिलेगी तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा।इस अवसर पर महाप्रबंधक (संपर्क एवं प्रशासन) ने कहा कि बीएसएल में राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में संयंत्र के विभिन्न विभागों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) से सम्बंधित संगठनों की भी सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी हिंदी के प्रति उनकी रुचि एवं प्रतिबद्धता को दर्शाती है।कार्यशाला के दौरान प्रश्नोत्तरी, काव्य गोष्ठी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More