कोडरमा: भारतीय न्याय संहिता के लागू होने के पहले दिन तीन मामले दर्ज

कोडरमा: पूरे देश में 1 जुलाई से आईपीसी की जगह बीएनएस भारतीय न्याय संहिता प्रभावी हो गया है। भारतीय न्याय संहिता के लागू होने के पहले दिन कोडरमा के तिलैया और कोडरमा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के दो अलग-अलग मामले 303 (2) के तहत दर्ज किए गए, वहीं तिलैया डैम ओपीक्षेत्र के कांटी में विवाहिता सरिता देवी के दहेज हत्या का मामला भारतीय न्याय संहिता के धारा 103/3 (5) के तहत जयनगर थाने में दर्ज की गई है।
इस मामले में मृतका के पिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ जहर देकर हत्या करने का मामला दर्ज कराया है। एक्ट में बदलाव और संशोधन के साथ पुलिस की कार्य प्रणाली को भी भारतीय न्याय संहिता में काफी प्रभावी बनाया गया है। साथ ही अनुसंधान की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसे लेकर पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को ट्रेनिंग दी जा रही है।
पुलिस पदाधिकारी को एफआईआर दर्ज करने से लेकर उसके अनुसंधान और चार्जशीट के साथ न्यायालय पेश करने वाले सबूत की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। पुलिसकर्मियों को अनुसंधान के दौरान घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करना जरूरी होगा, जबकि गवाहों और आरोपियों के रिकॉर्ड बयान न्यायालय को उपलब्ध कराना होगा। ऐसे में पुलिस कर्मियों को मोबाइल फ्रेंडली भी बनाया जा रहा है।
एसडीपीओ जितवाहन उरांव की अगुवाई में जिला पुलिस मुख्यालय में पुलिस कर्मियों को ट्रेनिंग दी गई। उन्होंने पुलिस पदाधिकारी को नए कानून के तहत मामले दर्ज करने का निर्देश दिया। एसडीपीओ जितवाहन उरांव ने बताया कि आईपीसी में जहां 511 धाराएं थी वहीं अब भारतीय न्याय संहिता में 358 एक्ट है। हत्या, महिला प्रताड़ना, दुष्कर्म जैसे मामलों के धाराओं में संशोधन किया गया है और कई धाराओं को मर्ज कर एक नया कानून तैयार किया गया है, जो पहले से ज्यादा प्रभावी साबित होगा।


