Koderma News: राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्रों का NCC में चयन, शैक्षणिक योग्यता के साथ शारीरिक दक्षता पर जोर

चयन प्रक्रिया में प्रमाण-पत्रों की जांच, शारीरिक परीक्षण और साक्षात्कार के बाद हुआ नामांकन
कोडरमा: राजकीय पॉलिटेक्निक, कोडरमा (गोहार) परिसर में मंगलवार को विद्यार्थियों के NCC में नामांकन एवं चयन के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। संस्थान के प्राचार्य राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित प्रक्रिया में विभिन्न ब्रांचों के विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की जांच के साथ शारीरिक परीक्षण और साक्षात्कार लिया गया। निर्धारित मानकों पर खरा उतरने वाले विद्यार्थियों का NCC में नामांकन किया गया।
चयन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक योग्यता के साथ उनकी शारीरिक दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, तत्परता और NCC के प्रति रुचि को भी ध्यान में रखा गया। विद्यार्थियों ने चयन प्रक्रिया में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य राजेश कुमार ने कहा कि NCC विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके जरिए विद्यार्थियों में शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, नेतृत्व, समयबद्धता, टीम भावना, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित होता है।
उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए NCC विशेष रूप से उपयोगी है। इससे उन्हें पढ़ाई के साथ जीवन में अनुशासन और नेतृत्व के व्यावहारिक गुण सीखने का अवसर मिलता है।
प्राचार्य ने नवचयनित कैडेटों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि NCC में प्रवेश केवल उपलब्धि नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से NCC के प्रशिक्षण, परेड, शारीरिक प्रशिक्षण और अन्य गतिविधियों में पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर व्याख्याता सह NCC अधिकारी लेफ्टिनेंट संतोष कुमार ने नवचयनित विद्यार्थियों को NCC के उद्देश्य, कार्यप्रणाली और प्रशिक्षण की जानकारी दी। चयन प्रक्रिया में संस्थान के व्याख्याता सोहन टोपो, मनोज यादव, डॉ. संजय कुमार, भूपेंद्र कुमार, अखिलेश कुमार, हीरालाल कुमार और सहायक आदित्य भगत समेत अन्य ने सहयोग किया।




