Ranchi News: RLSY कॉलेज में CCL ने कराई चित्रकला प्रतियोगिता, छात्रों ने चित्रों से दिया स्वच्छता का संदेश

“स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय रांची की ओर से “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के तहत मंगलवार को राम लखन सिंह यादव कॉलेज, कोकर में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वच्छ पर्यावरण एवं सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करना था।
प्रतियोगिता में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े संदेशों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों ने सम्मानित किया।
कार्यक्रम में रांची विश्वविद्यालय के डायरेक्टर ऑफ कॉन्स्टिट्यूएंट कॉलेजेज डॉ. कुमार आदित्येंद्र नाथ शाहदेव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथियों में CCL के CSR ऑफिसर चंदन कुमार, राम लखन सिंह यादव कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विष्णु चरण महतो और विवेकानंद यूथक्वेक फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. गौरव अग्रवाल मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. कुमार आदित्येंद्र नाथ शाहदेव ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति, संस्था या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि घर, विद्यालय, महाविद्यालय, कार्यस्थल और सार्वजनिक स्थानों सहित हर जगह स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है। युवाओं की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके जागरूक होने से समाज के अन्य लोग भी प्रेरित होंगे।
CCL के CSR ऑफिसर चंदन कुमार ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। चित्रकला जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाया जा सकता है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विष्णु चरण महतो ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, रचनात्मक सोच और समाज के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने में सहायक होते हैं।
विवेकानंद यूथक्वेक फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. गौरव अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इसे दैनिक जीवन और व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और उपस्थित युवाओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने, आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।


