Palamu News: गुजरात से चंदन का शव पहुंचते ही चवाचट्टान में मचा चीख-पुकार, हादसे में गई 36 वर्षीय युवक की जान

रोजगार की तलाश में गुजरात गया था युवक
पलामू: रोजगार की तलाश में घर-परिवार छोड़कर गुजरात गए हुसैनाबाद प्रखंड के चवाचट्टान गांव निवासी 36 वर्षीय चंदन रजवार की मौत की खबर ने पूरे गांव को झकझोर दिया। सोमवार की रात गुजरात के बड़ौदा से उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचते ही चवाचट्टान में चीख-पुकार मच गई। पत्नी, बच्चों, माता-पिता और परिजनों के विलाप से पूरा माहौल गमगीन हो गया। चंदन का अंतिम संस्कार मंगलवार को हरही नदी चक्कर घाट स्थित मुक्तिधाम तट पर किया गया।
चंदन रजवार, मंगरू रजवार के पुत्र थे। परिजनों के अनुसार वह परिवार के भरण-पोषण और बेहतर कमाई की उम्मीद में गुजरात में काम कर रहे थे। 26 सितंबर की शाम करीब तीन बजे टावर क्रेन से प्लाई शिफ्टिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान बेल्ट से करीब 20 प्लाई फिसलकर चंदन के ऊपर जा गिरे। हादसे में सिर से लेकर पैर तक गंभीर चोट लगने से वह बुरी तरह घायल हो गए।
सहयोगियों ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद 28 सितंबर की रात करीब 10 बजे उनका शव गांव लाया गया। शव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। चंदन अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से स्नेह और सुरक्षा का साया उठ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चंदन की मौत एक परिवार की त्रासदी भर नहीं है, बल्कि रोजगार की तलाश में झारखंड से दूसरे राज्यों की ओर होने वाले पलायन की तस्वीर भी सामने रखती है। गांवों के बेरोजगार युवा रोजगार और बेहतर मजदूरी की तलाश में गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, हरियाणा और अन्य राज्यों का रुख करते हैं। आर्थिक मजबूरियों के कारण कई परिवार अपने युवाओं को बाहर भेजने को विवश होते हैं। ऐसे में हादसे के बाद कमाने वाला बेटा जब ताबूत या अर्थी पर घर लौटता है, तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ता है।
घटना ने स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर और युवाओं के पलायन को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव-कस्बों में स्थायी रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों, तो युवाओं को परिवार से दूर और जोखिम भरे कामों के लिए दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी कम हो सकती है।
कुर्मीपुर पंचायत के मुखिया पति सह समाजसेवी अजय रजवार, समाजसेवी ओमप्रकाश राजभर समेत अन्य ग्रामीणों ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग दिलाने की मांग की है।


