विश्व हृदय दिवस 2026: दिल का मामला है, हर धड़कन कुछ कहती है..!

लेखक- ऋतुपर्ण दवे | विश्व हृदय दिवस पर विशेष
आज विश्व हृदय दिवस है। पिछले एक दशक में स्वस्थ हृदय के महत्व को समझने वालों की संख्या में वृद्धि जरूर हुई है, लेकिन दुखद पहलू यह भी है कि हृदय संबंधी विकारों से पीड़ित लोगों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। दरअसल, गतिहीन जीवनशैली, खराब खान-पान और बढ़ता तनाव लोगों की आम दिनचर्या को प्रभावित कर रहा है। इसी के चलते हृदय रोग दुनिया के लगभग सभी हिस्सों में सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक बनकर उभरा है। हालांकि, जागरूकता, नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली के जरिए हृदय संबंधी कई समस्याओं को रोका जा सकता है या बेहतर जीवनशैली के साथ प्रबंधित किया जा सकता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, हृदय संबंधी रोग दुनिया में मौत का प्रमुख कारण हैं। WHO के मुताबिक 2022 में हृदय संबंधी रोगों से अनुमानित 1.98 करोड़ लोगों की मौत हुई, जो वैश्विक मौतों का करीब 32 प्रतिशत है। इनमें 85 प्रतिशत मौतें हार्ट अटैक और स्ट्रोक के कारण हुईं।
स्वास्थ्य संबंधी इन्हीं कारणों से विश्व हृदय दिवस की परिकल्पना को साकार करते हुए एक दिन विशेष इसे पूरे विश्व में मनाने का निश्चय किया गया, ताकि लोगों को इस रोग की बारीकी और शुरुआती लक्षणों को पहचानने में मदद मिल सके। कम से कम इतनी जागरूकता तो आए कि लोग जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार और त्वरित स्वास्थ्य सेवा प्राप्त करने की दिशा में जागरूक हो सकें।
विश्व हृदय दिवस की शुरुआत कब हुई?
विश्व हृदय दिवस की शुरुआत वर्ष 2000 में विश्व हृदय महासंघ द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन के सहयोग से की गई। इसका उद्देश्य हृदय रोगों और उनकी रोकथाम के लिए आवश्यक उपायों के बारे में वैश्विक जागरूकता पैदा करना था। यह दिन हर साल 29 सितंबर को मनाया जाता है और दुनिया भर के व्यक्तियों, स्वास्थ्य संगठनों तथा समुदायों को हृदय स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करने और निवारक उपायों को प्रोत्साहित करने के लिए एक साथ लाता है।
हृदय रोग के बढ़ते जोखिम और इसके कारकों को समझने, चेतावनी संकेतों को पहचानने और स्वस्थ आदतों को अपनाने के महत्व पर प्रकाश डालने के लिए इस पहल की शुरुआत की गई थी। अब यह दुनिया भर में स्वस्थ हृदय को लेकर जागरूकता फैलाने, रोकथाम और प्रारंभिक देखभाल के प्रयासों को प्रोत्साहित करने का एक वैश्विक मंच बन गया है।
हर वर्ष यह दिन एक अलग थीम के साथ मनाया जाता है। वर्ष 2026 में विश्व हृदय महासंघ का अभियान ‘Don’t Miss a Beat’ है, जिसका जोर हृदय संबंधी बीमारी के संकेतों को नजरअंदाज न करने और समय रहते कदम उठाने पर है। विश्व हृदय महासंघ के 2026 अभियान में हृदय स्वास्थ्य के लिए जागरूकता और सक्रिय जीवनशैली पर भी जोर दिया गया है।
दिल की चेतावनी को न करें नजरअंदाज
हृदय रोग अक्सर गंभीर जटिलताओं का कारण बनने तक अनदेखा रह सकता है। सीने में हल्का दर्द या दबाव, अत्यधिक थकान और सांस फूलने जैसे संकेतों पर ध्यान देना जरूरी है। सीने में जकड़न या भारीपन महसूस होना, जो काम करने पर बढ़ता है और आराम करने पर कम हो जाता है, भी ध्यान देने योग्य संकेत हो सकता है।
बिना किसी भारी काम के हर समय बहुत ज्यादा थका हुआ और कम ऊर्जा महसूस होना, सीढ़ियां चढ़ने या सामान्य काम करने के दौरान अचानक सांस फूलना, शरीर के अन्य हिस्सों में दर्द, जबड़े में जकड़न, गर्दन, पीठ, कंधे या बाएं हाथ तक दर्द का फैलना, ठंडा पसीना, चक्कर आना और उल्टी जैसा महसूस होना जैसे लक्षणों को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
अचानक नींद न आना या सोते वक्त बेचैनी महसूस होना आदि भी कुछ लोगों में स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का संकेत हो सकता है। ऐसे लक्षणों की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय सलाह लेना महत्वपूर्ण है।
2026 का अभियान तीन प्रमुख संदेशों पर आधारित है—लक्षणों को पहचानें, अपने दिल की रक्षा करें और जीवनशैली में समय के साथ बदलाव करें। जरा-सी आहट होने पर तुरंत चिकित्सकीय मदद लेने पर जोर दिया गया है।
कम उम्र में भी बढ़ सकता है हृदय रोग का जोखिम
दरअसल, हृदय रोग को लेकर एक भ्रांति भी है कि यह केवल वृद्ध वयस्कों से जुड़ा है, लेकिन हृदय संबंधी रोग किसी भी उम्र के लोगों को प्रभावित कर सकते हैं। उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, धूम्रपान, दीर्घकालिक तनाव, शारीरिक निष्क्रियता, अपर्याप्त नींद और हृदय रोग का पारिवारिक इतिहास जैसे कारक समय के साथ जोखिम को बढ़ा सकते हैं।
WHO के अनुसार, अस्वास्थ्यकर आहार, शारीरिक निष्क्रियता, तंबाकू का सेवन और अत्यधिक शराब का सेवन हृदय रोग तथा स्ट्रोक के प्रमुख व्यवहार संबंधी जोखिम कारकों में शामिल हैं। उच्च रक्तचाप, बढ़ा हुआ ब्लड शुगर, रक्त में वसा का बढ़ना और अधिक वजन या मोटापा भी जोखिम का संकेत दे सकते हैं।
इनमें से कुछ जोखिम धीरे-धीरे विकसित होते हैं और स्थिति गंभीर होने तक स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। ऐसी स्थिति में दिल के बचाव के लिए संतुलित आहार, शारीरिक रूप से सक्रिय रहना, तंबाकू से परहेज और रक्तचाप को नियंत्रित रखने जैसी छोटी-छोटी नियमित आदतें काफी हद तक जोखिम को कम करने में मदद कर सकती हैं। WHO भी हृदय रोग की रोकथाम में तंबाकू से दूरी, नियमित शारीरिक गतिविधि और स्वस्थ खान-पान को महत्वपूर्ण मानता है।
हर धड़कन है महत्वपूर्ण
इनमें कई जोखिम की पहचान या संकेत हमारा शरीर दे देता है। सच तो यह है कि हृदय की धड़कन को पहचानने की कला से भी काफी हद तक इस रोग को समझकर समय रहते चेता जा सकता है। एक स्वस्थ व्यक्ति की हृदय की धड़कन 60 से 100 प्रति मिनट होनी चाहिए। इसके लिए नियमित रूप से चिकित्सकीय परामर्श व जांच की आजकल हर कहीं आसानी से सुविधाएं उपलब्ध हैं।
हृदय की एक-एक धड़कन महत्वपूर्ण है। इसलिए ‘Don’t Miss a Beat’ थीम के साथ इस बार हृदय संबंधी रोगों को लेकर जन-जागरूकता को और फैलाएं।
लेखक- ऋतुपर्ण दवे


