आलू पर रोक 8वें दिन भी जारी, बंगाल-झारखंड सीमा पर एक-एक ट्रक की हो रही जांच

गुरुवार को थोक बाजार में 30 ट्रक आलू पहुंचे. थोक मंडी में आलू की कीमत कम हो गई, लेकिन खुदरा बाजार में ग्राहकों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है.

रांची: बंगाल से आने वाले आलू पर आठवें दिन भी रोक जारी रही. ट्रकों को झारखंड सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया गया. बंगाल में कीमतें नियंत्रित करने के नाम पर ममता बनर्जी की सरकार ने अन्य राज्यों में आलू की सप्लाई पर रोक लगा दी है. बंगाल-झारखंड सीमा पर डीबूडीह चेकपोस्ट पर एक-एक ट्रक की जांच हो रही है. आलू के ट्रकों को वापस बंगाल के आलू गोदाम या कोल्ड स्टोरेज भेज दिया जा रहा है.

बंगाल ने आलू की सप्लाई रोक दी, तो उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से आलू मंगाया जा रहा है. इसलिए बंगाल के सप्लाई बंद करने का ज्यादा असर बाजार में नहीं दिख रहा है. कीमत 2 से 5 रुपए ही अधिक है. पश्चिम बंगाल का आलू ज्यादा स्वादिष्ट होता है. इसलिए इसकी डिमांड अधिक रहती है. उत्तर प्रदेश से आलू की आवक बढ़ने से रांची में आलू के दाम थोक बाजार में 3 रुपए तक कम हो गए हैं. बावजूद इसके, खुदरा बाजार में आलू 40 रुपए के भाव से बिक रहे हैं. गुरुवार को थोक बाजार में 30 ट्रक आलू पहुंचे. थोक मंडी में आलू की कीमत कम हो गई, लेकिन खुदरा बाजार में ग्राहकों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है.

 

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More