अपने अबुआ सरकार के लिए हर एक झारखंडी को बधाई: हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन ने पोस्ट पर लिखा है कि जोहार साथयों, आज का दिन ऐतिहासिक होगा - एक ऐसा दिन जो हमारे सामूहिक संघर्ष, प्रेम-भाईचारे की भावना और न्याय के प्रति हम झारखंडियों के प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा.

रांची: झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन आज शपथ लेंगे. इसको लेकर रांची के मोराबादी मैदान में आज शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होना है. आज शाम चार बजे राज्यपाल संतोष गंगवार हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री की शपथ दिलायेंगे. शपथ से पूर्व हेमंत सोरेन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर राज्य की जनता का एक बार फिर आभार जताया है और बधाई भी दी है. 

उन्होंने पोस्ट पर लिखा है कि जोहार साथयों, आज का दिन ऐतिहासिक होगा – एक ऐसा दिन जो हमारे सामूहिक संघर्ष, प्रेम-भाईचारे की भावना और न्याय के प्रति हम झारखंडियों के प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा. झारखंड की महान धरा ने हमेशा से विरोध और संघर्ष को जन्म दिया है और झामुमो – भगवान बिरसा, भगवान सिदो-कान्हू, अमर शहीद तेलंगा खड़िया, फूलो- झानो, पोटो हो, शेख भिखारी समेत अनगिनत वीरों के संघर्षों से भरी उसी विरासत को समेटे हर दिन आगे बढ़ रहा है. 

आज का यह दिन राजनीतिक जीत के बारे में नहीं है, आज का यह दिन हमारी सामाजिक न्याय के प्रति संघर्ष, सामाजिक एकता को प्रखर करने की हर रोज़ लड़ी जानी वाली लड़ाई को दोहराने का दिन है. आज का यह दिन यह भी बताता है की लोकतंत्र पर बढ़ते दबाव के बीच झारखंड की महान जनता एक साथ खड़ी है. आज हर गांव, हर शहर में एक आवाज़ गूंज रहा है  – अधिकार, समानता, एकता मतलब झारखंडियत की आवाज

इसमें कोई संदेह न रखें – हमारी एकता ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है. हमें न विभाजित किया जा सकता है, न ही शांत किया जा सकता है. जब जब वे हमें पीछे धकेलते हैं, हम आगे बढ़ते हैं. जब जब वे हमें शांत करना चाहते हैं, हमारी हूल, उलगुलान, क्रांति की आवाज़ और प्रखर होती जाती है क्यूंकि हम झारखंडी हैं, और झारखंडी झुकते नहीं है. 

आज जब सामाजिक संरचना में गहरी दरारें पैदा हो रही हैं, तब हमें अपने पूर्वजों की उस एकता और हर झारखंडी को साथ ले कर चलने के संकल्प को पुनः दोहराना होगा. 

अपने अबुआ सरकार के लिए हर एक झारखंडी को बधाई. 

हमारी लड़ाई अटल है, अविराम है. संघर्ष जारी है और आख़िरी साँस तक रहेगा ….

आपका हेमन्त

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More