Ranchi News: स्व. छत्रु राम महतो को भाजपा प्रदेश कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि

बाबूलाल मरांडी ने कहा, उनका जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति. सांसद दीपक प्रकाश बोले, छत्रु जी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा श्रोत बने रहेंगे.

रांची: भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज पूर्वाहन 11 बजे पूर्व मंत्री एवं गोमिया के पूर्व विधायक स्व छत्रु राम महतो का पार्थिव शरीर लाया गया. विदित हो कि बीती रात स्व. छत्रु राम महतो का निधन हो गया. वे कुछ दिनों से बीमार थे और मेडिका में इलाजरत थे. पार्टी कार्यालय में शव पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश,विधायक सीपी सिंह,कार्यालय मंत्री हेमंत दास, कमाल खान,संजय जायसवाल,ललित ओझा सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने स्व महतो के पार्थिव शरीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए.

उनका जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति: बाबूलाल मरांडी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने अपने शोक सन्देश में कहा कि पार्टी ने एक अनुभवी नेता को खो दिया. यह पार्टी केलिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कहा कि सहज सरल व्यक्तित्व के धनी स्व छत्रु जी का राजनीतिक जीवन बेदाग रहा. बाबूलाल मरांडी ने स्व. छत्रु महतो की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की. उन्होंने कहा, भगवान उनकी आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें. परिजनों को दुख की घड़ी में धैर्य एवं साहस प्रदान करें.

छत्रु जी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा श्रोत बने रहेंगे: दीपक प्रकाश

निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि संयुक्त बिहार में झारखंड क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले स्व. छत्रु जी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा श्रोत बने रहेंगे. उन्होंने पार्टी की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई . उन्होंने लंबे समय तक जनता का प्रतिनिधित्व किया. 

शोक व्यक्त करने वालों में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान,मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी,प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह,केंद्रीय मंत्री संजय सेठ,अन्नपूर्णा देवी,पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा सांसद एवं महामंत्री आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा, मनोज कुमार सिंह सहित अन्य शामिल हैं.

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More