Ranchi News: उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन, पुष्प अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

रांची: उपायुक्त, रांची वरुण रंजन ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया. उन्होंने मोरहाबादी स्थित गोपनीय कार्यालय कक्ष में भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की. श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उपायुक्त वरुण रंजन ने झारखंड राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के शुभ अवसर पर सभी जिलेवासियों को बधाई दी.
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय समुदायों के साहस, शौर्य और बलिदान का प्रतीक हैं. उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने अपने क्रांतिकारी विचारों से समाज में जागरूकता की अलख जगाई. भगवान बिरसा मुंडा न केवल पराक्रम बल्कि सामाजिक चेतना के भी प्रतीक थे, जिन्होंने आदिवासी समाज की दशा और दिशा बदलने का काम किया. वरुण रंजन ने भगवान बिरसा मुंडा के मार्ग का अनुसरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने की बात कही.


