Koderma News: रजरप्पा मंदिर से पूजा कर बिहार लौट रहे श्रद्धालु सड़क हादसे का शिकार, मची अफरा-तफरी

दुर्घटनाग्रस्त कार का दृश्य: कोडरमा घाटी में गहरी खाई में पलटी क्षतिग्रस्त कार।

कोडरमा: कोडरमा थाना अंतर्गत रांची पटना मुख्य मार्ग पर मेघातरी कालीमंडा के समीप बीती देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की पहचान बिहार के नालंदा निवासी सन्नी कुमार (24), सोनू कुमार (30), विपिन कुमार (32) और धर्मेंद्र कुमार (34) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चारों लोग रामगढ़ जिले के रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्ता मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद कार से बिहार लौट रहे थे।

इसी दौरान कोडरमा घाटी में मेघातरी कालीमंडा के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते कार सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी और पलट गई। दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और सड़क सुरक्षा कर्मी सागर कुमार गिरी एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से चारों घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को तत्काल सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More