939 बूथों पर शाम 4 बजे तक ही होगी वोटिंग, 600 जवान किये जायेंगे तैनात

रांची: झारखण्ड विधानसभा चुनाव का पहला चरण 13 नवंबर को है. पहले चरण में 43 में से 31 सीटों पर सुरक्षा व दूरी की दृष्टि से मतदान का समय बदला गया है. 31 सीटों के 939 बूथों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक ही मतदान होगा. इनमें रांची के इलाके जैसे कांके के 21, मांडर के 10, तमाड़ के 57, खूंटी का एक, तोरपा के 15, बड़कागांव के 18, सिमरिया के 27, चतरा के 39, बहरागोड़ा के पांच, घाटशिला के 12, पोटका के सात, जुगसलाई के 17, ईचागढ़ के 21, सरायकेला के दो, चाईबासा के 46, जगन्नाथपुर के 89, मनोहरपुर के 184, चक्रधरपुर के 61, खरसावां के 14, गुमला के 52, बिशुनपुर के सिमडेगा के 20, कोलेबिरा के 34, 39, लोहरदगा के 48, मनिका के 30, लातेहार के 15, डाल्टेनगंज के 35, विश्रामपुर के 4 , छतरपुर के 4 , हुसैनाबाद के 6 व गढ़वा विधानसभा के 6 बूथ शामिल हैं. इन सभी विधानसभा क्षेत्रों के बूथों पर शाम पांच बजे तक वोट डाले जायेंगे.
मतदान के लिए वोटर आइडी अनिवार्य: सीईओ
सीइओ के.रवि कुमार ने कहा है कि मतदान के लिए वोटर आइडी अनिवार्य है. वोटर आइडी नहीं रहने पर चुनाव आयोग द्वारा मान्य किये गये 12 तरह के अन्य दस्तावेज भी लेकर मतदान के लिए जाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सुविधा के लिए मतदाता पर्ची जरूर लेकर मतदान के लिए जायें. जिनको मतदाता पर्ची नहीं मिली है, वह मतदान केंद्र पर बीएलओ या वॉलेंटियर से संपर्क कर टोकन ले सकते हैं. इससे मतदाताओं को अपना नाम खोजने में आसानी होगी. साथ ही उनको मतदान के लिए भी कम समय लगेगा.
600 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बल तैनात
पहले चरण के लिए 600 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है. जबकि दूसरे चरण में 574 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों को तैनात करने के लिए मूवमेंट प्लान तैयार कर लिया गया है. सबसे पहले 150 कंपनी फोर्स झारखंड पुलिस को पहले चरण के लिए उपलब्ध कराया गया था.
अभिभावक परेशान
बता दें कि विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा स्कूल बसों को जमा कराये जाने के कारण बच्चों व अभिभावकों की परेशानी बढ़ गयी है. राजधानी के कई निजी स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को बस सेवा नहीं होने की सूचना दी है. साथ ही अपने बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने की व्यवस्था भी खुद ही करने की बात कही और साथ ही कई निजी स्कूलों ने प्राइमरी सेक्शन को बंद कर दिया है और ऑनलाइन क्लास संचालित करने की जानकारी दी है.


