Giridih News: सुदिव्य सोनू के निधन के बाद पहली बार कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचीं श्वेता शर्मा, भावुक हुआ माहौल

बैठक में दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को याद करते कार्यकर्ता।
श्वेता शर्मा की सक्रियता से राजनीतिक चर्चा तेज

झामुमो के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में दिवंगत नेता को किया गया याद, श्वेता बोलीं- सुख-दुःख में हमेशा साथ रहूंगी

गिरिडीह: दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन के बाद उनकी पत्नी श्वेता शर्मा सोमवार को पहली बार झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रमुख कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचीं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को याद किया। इस दौरान माहौल कई बार भावुक हो गया।

बैठक को संबोधित करते हुए श्वेता शर्मा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू जिस तरह कार्यकर्ताओं के सुख-दुःख में हमेशा उनके साथ खड़े रहते थे, उसी तरह वह भी कार्यकर्ताओं के सुख-दुःख में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह के विकास को लेकर जो सपना देखा था, उसे कार्यकर्ताओं के सहयोग से साकार करने का प्रयास करेंगी।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के साथ बिताए राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभवों को साझा किया। श्वेता शर्मा और कार्यकर्ताओं के बीच भावनात्मक संवाद भी हुआ।

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद गिरिडीह की राजनीति में उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी को लेकर चर्चा तेज है। श्वेता शर्मा का नाम झामुमो के संभावित उम्मीदवार के तौर पर भी चर्चा में है। हालांकि, उनकी राजनीतिक भूमिका को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है।

श्वेता शर्मा की कार्यकर्ताओं के साथ यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब सुदिव्य सोनू के निधन से खाली हुई गिरिडीह विधानसभा सीट और मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। ऐसे में उनकी कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता को लेकर भी चर्चा तेज हुई है। बैठक की अध्यक्षता झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी ने किया।

बैठक में राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद, मेयर प्रमिला मेहरा, जिला सचिव महालाल सोरेन, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पु, जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा, धनवार के पूर्व विधायक निजामुद्दीन अंसारी, प्रणव वर्मा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार, बबली मरांडी, दिलीप मंडल, कोलेश्वर सोरेन, बरकत अली, नुनूराम किस्कू उर्फ टाइगर, प्रधान मुर्मू, फरदीन इम्तियाज अहमद, हीरालाल मुर्मू, कृष्ण मुरारी शर्मा, अभय सिंह, राकेश रंजन, पवन सिंह, बिरजू मरांडी, महावीर मुर्मू, राधेश्याम मोदक, नूर अहमद, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, सचिव सन्नी रैन, दिलीप रजक, केदार यादव, भरत यादव, आजाद खान, कमल दास, सर्फुद्दीन अंसारी, अनवर अंसारी, प्रकाश दास, प्रमोद कंधवे, बृजमोहन तुरी, मुकेश साव, नरेंद्र सिंह, मुकेश यादव, नागेश्वर दास, हरिमोहन कंधवे, प्रीति भास्कर, प्रमिला कुमारी, मुखिया आशा देवी सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More