‘वार्तालाप’ सरकार और मीडिया के बीच महत्वपूर्ण सेतु: एडीजी अखिल कुमार मिश्रा

सरायकेला में दीप प्रज्वलित कर 'वार्तालाप-2026' का उद्घाटन करते उपायुक्त व पीआईबी के अधिकारी।

रांची: प्रेस सूचना ब्यूरो (पीआईबी), रांची की ओर से आज सरायकेला-खरसावां में मीडिया संवादात्मक कार्यशाला ‘वार्तालाप-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026, स्वच्छता ही सेवा और पोषण माह जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इसमें जिला प्रशासन के अधिकारियों, विषय विशेषज्ञों और क्षेत्रीय पत्रकारों ने भाग लिया तथा नागरिक और जनस्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए आपसी सहयोग पर विचार-विमर्श किया।

मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करते हुए पीआईबी रांची एवं भुवनेश्वर के अपर महानिदेशक अखिल कुमार मिश्रा ने ‘वार्तालाप’ को सरकारी नीतियों और स्वतंत्र पत्रकारिता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बताया। उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारों से जनहित से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाने, तथ्यपरक जनसंवाद को मजबूत करने तथा सरकारी व्यवस्थाओं को रचनात्मक रूप से जवाबदेह बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि उपायुक्त नितेश कुमार सिंह ने कहा कि केवल कानून और नियम बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समाज में स्थायी व्यवहार परिवर्तन भी जरूरी है। उन्होंने कुपोषण उन्मूलन, स्वच्छता को बढ़ावा देने और कचरा संग्रहण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से संशोधित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की।

विषय विशेषज्ञ अनिल कुमार शर्मा ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के विस्तारित प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कचरे के स्रोत पर पृथक्करण, वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रसंस्करण और नगर निकायों की जिम्मेदारियों के व्यावहारिक पहलुओं को समझाया।

चांडिल की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुप्रिया शर्मा ने मातृ एवं बाल स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए 9वें पोषण माह की जानकारी दी। उन्होंने ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम, अभियान के पांच प्रमुख स्तंभों, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिलने वाली सहायता तथा स्थानीय और पारंपरिक खाद्य पदार्थों के पोषण संबंधी महत्व पर प्रकाश डाला।

दूरदर्शन झारखंड के सहायक निदेशक दिवाकर कुमार ने स्वच्छता, पोषण और कचरा प्रबंधन के बीच संबंध को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में सुधार के लिए व्यापक जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने सरायकेला-खरसावां में स्थानीय स्तर पर पोषण संबंधी अभियानों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

पद्मश्री सम्मानित छुटनी महतो ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अपने लंबे संघर्ष और अभियान के अनुभव साझा किए। उन्होंने मीडिया कर्मियों से सामाजिक न्याय और जागरूकता के लिए अपने मंच का प्रभावी उपयोग करने का आह्वान किया।

गौरांग बेरा ने ग्रामीण स्वच्छता ढांचे की समीक्षा करते हुए स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के प्रथम चरण की उपलब्धियों से लेकर वर्ष 2026 में चल रहे स्थायित्व संबंधी प्रयासों की जानकारी दी। वहीं, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार ने मीडिया संवाद कार्यक्रमों को अधिक परिणामोन्मुख बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए पीआईबी रांची के कार्यालय प्रमुख गौरव कुमार पुष्कर ने ब्यूरो की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यरत पत्रकारों के लिए उपलब्ध विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ प्रेस रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (PRGI/RNI) और केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC) के वैधानिक कार्यों की भी जानकारी साझा की।

तकनीकी सत्रों के दौरान पीआईबी रांची के शिवेंद्र नाथ तिवारी और शिवानी केशरी ने ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न विषयों को समझाया। कार्यशाला का समापन पीआईबी रांची के सूचना सहायक प्रिंस कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More