Koderma News: नाबालिग छात्रा के अपहरण और शारीरिक शोषण मामले में दो आरोपित गिरफ्तार

कोडरमा: नाबालिग छात्रा के अपहरण और उसके साथ शारीरिक शोषण के मामले में तिलैया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें कोडरमा जेल भेज दिया गया।
11 जुलाई को लापता हुई थी नाबालिग
जानकारी के अनुसार, तिलैया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग छात्रा 11 जुलाई को अचानक लापता हो गई थी। इसके बाद स्वजनों ने तिलैया थाना में आवेदन देकर उसकी खोजबीन की गुहार लगाई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नाबालिग की तलाश शुरू की।
गुमशुदगी के करीब दो दिन बाद पुलिस को सूचना मिली कि नाबालिग बिहार के भागलपुर रेलवे स्टेशन पर नशे की हालत में मिली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे भागलपुर से बरामद किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे स्वजनों को सौंप दिया गया।
यूट्यूब वीडियो बनाने का झांसा देने का आरोप
पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने आरोप लगाया कि झुमरीतिलैया के मोरियावां निवासी यूट्यूबर अखिल आर्य, पिता राजेश पंडित और पिपराडीह निवासी गोलू कुमार, पिता अर्जुन यादव ने उसे बहला-फुसलाकर यूट्यूब वीडियो बनाने का झांसा दिया। आरोप है कि इसके बाद नशे की हालत में उसका अपहरण कर उसके साथ शारीरिक शोषण किया गया।
मामले में नाबालिग का बयान न्यायालय में दर्ज कराया गया है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल जांच में भी शारीरिक शोषण की पुष्टि होने की बात सामने आई है।
फरार चल रहे थे दोनों आरोपित
घटना के बाद से दोनों आरोपित फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी कर रही थी। इसी क्रम में बीती रात पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया गया है।


