Tata Trust को मिला नया उत्तराधिकारी, नोएल टाटा बने नए चेयरमैन

रांची: टाटा ट्रस्ट को अपना उत्तराधिकारी मिल गया है. शुक्रवार को मुंबई में हुई बैठक में नए उत्तराधिकारी का चयन किया गया. बैठक में सर्वसम्मति से नोएल टाटा का चयन किया गया. बता दें कि नोएल टाटा वर्ष 2014 से ट्रेंट के चेयरमैन बने, फिर 2018 में वे टाइटन कंपनी के वाइस चेयरमैन बने और मार्च 2022 में वे टाटा स्टील के वाइस चेयरमैन बने.
कौन हैं नोएल टाटा
नोएल टाटा रतन टाटा के सौतेले भाई हैं. दरअसल, रतन टाटा के पिता नवल टाटा की दो शादियां हुई थीं. नवल टाटा की पहली शादी सुनी टाटा से हुई थी, जिनसे उनके दो बेटे रतन टाटा और जिमी टाटा थे. सुनी टाटा से तलाक के बाद नवल टाटा ने 1955 में स्विस बिजनेसवुमन सिमोन से दूसरी शादी की. नोएल टाटा, नवल टाटा और सिमोन टाटा के बेटे हैं. नोएल टाटा की शादी टाटा संस के सबसे बड़े शेयरधारक और साइरस मिस्त्री के पिता पल्लोनजी मिस्त्री की बेटी आलू मिस्त्री से हुई है. इस दम्पति के तीन बच्चे हैं, जिनमें लीह टाटा, माया टाटा और नेवाइल टाटा शामिल हैं.


