मरुस्थलीकरण के नियंत्रण के लिए वन एवं भूमि संसाधन का बेहतर प्रबंधन आवश्यक

रांची : झारखंड सरकार के वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग और सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट, सीड द्वारा विश्व मरुस्थलीकरण एवं सुखाड़ नियंत्रण दिवस के अवसर पर आज एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड में मरुस्थलीकरण और सुखाड़ की स्थिति से निपटने के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करना और समाधानपरक दिशा तय करना था। इस कार्यशाला में प्रमुख सरकारी विभागों, एजेंसियों, उद्योगों और शैक्षिक संस्थानों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने झारखंड को ग्रीन और सस्टेनेबल बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ संजय श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख ने मरुस्थलीकरण की रोकथाम के लिए विस्तार से योजनाबद्ध रूप से प्रयास करने पर बल दिया। उन्होंने कहा की राज्य में आवश्यकता है कि भूमि रिस्टोरेशन एवं पुनरुद्धार पर एक विस्तृत योजना बनायी जाये। उन्होंने कहा कि इस विषय पर एक क़ानून बनाने की दिशा में भी प्रयास किया जा सकते हैं ।
सीड के प्रतिनिधि डॉ मनीष कुमार, डायरेक्टर रिसर्च एंड डेवलपमेंट द्वारा मरुस्थलीकरण से निपटने हेतु एक विस्तृत प्रस्तुति दी गयी। कार्यक्रम में सीसीएल के प्रतिनिधि द्वारा खनित भूखंडों पर किये गए भूमि पुनरुद्धार के प्रयासों एवं इनके अच्छे परिणामों पर जानकारी दी गयी। बिरसा कृषि विश्व विद्यालय के प्रतिनिधि द्वारा भू.क्षरण के प्रक्रिया को विस्तार से बताया गया एवं उसके रोकथाम के बारे में भी जानकारी दी गयी।
कार्यक्रम के दौरान एक परस्पर संवाद सत्र का आयोजन किया गया जिसे सिद्धार्थ त्रिपाठी, मुख्य वन संरक्षक द्वारा संयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों से राज्य में मरुस्थलीकरण को रोकने हेतु विभिन्न उपायों पर चर्चा की गयी।
कार्यक्रम के शुरुवात में डॉ डीके सक्सेना अपर मुख्य वन संरक्षक द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया गया एवं विश्व मरुस्थलीकरण एवं सुखाड़ नियंत्रण दिवस के संबंध में जानकारी देते हुए इस विषय पर देश, दुनिया एवं प्रदेश की स्थिति पर चर्चा की गयी।
कार्यक्रम के अंत में सीड से ऋचा झा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन दिया गया।


