महिलाएं व रंगों का त्योहार होली दोनों हमारी संस्कृति की महत्वपूर्ण पूंजी है : डॉ रंजीत

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं रंगोत्सव होली की शुभकामनाएं वेबिनार आयोजित करके की गई परिचर्चा

साहिबगंज : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली के मौके पर साहिबगंज जिले के एनएसएस, युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ऑनलाइन वेबिनार आयोजित किया गया।

इसमें मॉडल कॉलेज राजमहल, साहिबगंज कॉलेज साहिबगंज, शिबू सोरेन जनजातीय कॉलेज बोरियो, सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय दुमका, केंद्रीय संचार ब्यूरो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार एवं अन्य संगठनों ने भाग लिया। इसमें अपने विचारों को मुख्य वक्ता के रूप में राजमहल मॉडल कॉलेज के प्राचार्य डॉ रंजीत कुमार सिंह ने रखा। प्राचार्य मॉडल कॉलेज राजमहल ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं होली उत्सव के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा आज यह दोनों अहम अवसर है। इसे हम उत्साह और उत्सव के रूप में हम मना रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महिला हमारी व्यवस्था की मुख्य स्तंभ हैं। आधी आबादी भारत की हमारी महिलाएं हैं तो जब तक हमारी महिलाएं स्वस्थ नहीं होंगी तब तक राष्ट्र स्वस्थ नहीं हो सकता। इसलिए महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक एवं संवेदनशील होने की जरूरत है। हम सभी को संकल्प और प्रतिज्ञा लेने की जरूरत है कि हम महिलाओं को सम्मान, समान अवसर एवं समानता का हक देंगे, चाहे वह हमारा परिवार हो, चाहे हमारा राज्य हो या राष्ट्र। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार, डायन प्रथा, कुपोषण, भ्रूण हत्या, बलात्कार जैसी घटनाओं से निजात पाने की जरूरत है।

मीमांसा फाउंडेशन के डायरेक्टर पीयूष झा ने कहा कि महिला राष्ट्र की मणि हैं जिनका मान-सम्मान और सत्कार राष्ट्र की गरिमा है। वैदिक काल से ही महिलाओं की स्थिति काफी सुदृढ रही है और यूं कहें तो भारत में 15वीं और 16वीं शताब्दी में महिलाओं की शिक्षा काफी अच्छी थी। वर्तमान परिदृश्य में महिलाओं को हर क्षेत्र में सबके पहल से समग्र रूप से आगे लाने की आवश्यकता है जिनमें नारी के विभिन्न रूपों की जरूरत समाज को है। अगर हम भारत को विश्वगुरु बनाना चाहते हैं तो यह काम बिना महिलाओं को सशक्त किए नहीं हो सकता और महिला एक दफा अगर सही मायने में सशक्त हो जाएं तो भारत को विश्व के सिरमौर बनने से कोई नहीं रोक सकता।

मौके पर शिक्षिका रेणु गुप्ता ने कहा कि बिन नारी एक सुखी परिवार नहीं बनता है। आज इस बात से नकारा नहीं जा सकता है कि आज के समाज में महिलाओं का योगदान पुरुषों के बराबर है बल्कि कई क्षेत्रों में पुरुषों से आगे निकल गई हैं। किंतु अभी भी महिलाएं अपने अधिकारों के लिए लड़ रही हैं। सच्चाई तो यही है कि महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों मैं कोई विशेष परिवर्तन नहीं आया है। अपने सपनों को साकार करने के लिए महिलाओं को स्वयं आगे आना होगा।

मौके पर शाहिद रहमान कार्यालय प्रमुख, केंद्र संचार ब्यूरो सूचना प्रसारण मंत्रालय तथा डॉ ट्रीजा जेनिफर टोप्पो सहायक प्राध्यापिका मनोविज्ञान विभाग संथाल परगना महाविद्यालय दुमका ने भी अपने विचार रखे।

डा ट्रीजा जेनिफर टोप्पो ने कहा कि आज होली के त्योहार के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की सार्थकता सिद्ध हो रही है। आज धरती से लेकर आकाश तक हर झेत्र में महिलाएं नाम रोशन कर रही हैं। हम बहनों, बेटियों को आगे बढने के लिए सभी के सहयोग, आशीर्वाद की आवशयकता है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More