अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस को लेकर समिति ने निकाली रैली

दुमका : बांग्ला भाषा व संस्कृति रक्षा समिति झारखंड की ओर से विश्वमातृभाषा दिवस कोे प्रतिज्ञा दिवस के रूप में मनाया जाता है। देश का यह एकमात्र भाषाई संगठन इस बार 24वां प्रतिज्ञा दिवस मना रहा है। मातृभाषा दिवस के पूर्व अपराह्न में समिति के स्टेट सेक्रेटरी गौतम चटर्जी के नेतृत्व में भाषा संस्कृति के विकास को लेकर रैली निकाली गयी। समिति की ओर से राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए मातृभाषा में पठन-पाठन चालू करने की मांग की गयी। सूबे के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का माध्यम बांग्ला चालू है, पर एक साजिश के तहत बांग्ला पाठ्यपुस्तक का संकट उत्पन्न किया जा रहा है। समिति ने राज्य सरकार से बांग्ला पाठ्यपुस्तक आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है। जिले के एनआईसी की प्रोफाइल में बांग्ला भाषा को जोड़ने, सभी स्कूलों में बांग्ला भाषा साहित्य के शिक्षक नियक्त करने, समाज सुधारक पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर की कर्मभूमि जामताड़ा जिला के करमाटांड़ स्थित नंदन कानन को हेरीटेज घोषित करने के साथ उनके सेवा मूलक कार्य को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल कराने की मांग की गयी है। रैली में अनिमेष मंडल ,जयदेव गोराई, कुंदन अधिकारी, स्वामी नित्यब्रता नंद महाराज, बोद बोदरा, जयदेव दे, अभिनंदन मुर्मू, श्यामल मुर्मू, अभिषेक राजवाड़ एवं स्कूली छात्र मौजूद थे।


