एक चिकित्सक के भरोसे चल रहा है सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र

दुमका : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रानीश्वर में जनरल चिकित्सक का चार पद सृजित हैं, जबकि इसके विरुद्ध यहां एक मात्र एक चिकित्सक डॉ कुमार प्रीतम दत्त प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। यहां पदस्थापित अन्य एक चिकित्सक डॉ देवानंद मिश्रा शिकारीपाड़ा प्रखंड में प्रतिनियुक्त हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञ चिकित्सक के चार पद सृजित हैं और ये सभी पद रिक्त हैं। यहां आयुष चिकित्सक पद पर दो चिकित्सक पदस्थापित हैं।
डॉ आजाद शेखर पंडित होम्योपैथी चिकित्सक एवं डा हर प्रसाद मुखर्जी आयुर्वेदिक चिकित्सक के रूप में यहां पांच साल से पदस्थापित हैं। यहां के प्रभारी चिकित्सक डॉ दत्त प्रशासक का कार्य करते हैं। वहीं, डॉ पंडित एवं डा मुखर्जी आउट डोर ड्यूटी करते हैं। यहां विभाग से होम्योपैथी एवं आयुर्वेदिक दवा आपूर्ति नहीं की जाती है।दोनों आयुष चिकित्सक एलोपैथी चिकित्सा करते हैं। कुल मिलकर चिकित्सा सेवा लचर है। प्रखंड के आसनबनी, आमजोड़ा एवं बाँसकुली के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शोभा का वस्तु बना हुआ है। तीनों अस्पताल में दो-दो चिकित्सक का पद सृजित हैं ।यहां तीनों पीएचसी में चिकित्सक का पद रिक्त है।


