बीएसएल के टेक्निकल सेल में सुरक्षा जागरूकता सप्ताह संपन्न…विजेताओं को किया गया सम्मानित

बोकारो : बोकारो स्टील प्लांट के टेक्निकल सेल विभाग द्वारा कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं सजगता को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 22 अगस्त से 2 सितंबर 2026 तक “सुरक्षा जागरूकता सप्ताह” का आयोजन किया गया। इस दौरान सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों को सुरक्षा के मूलभूत सिद्धांतों, सुरक्षित कार्य-पद्धतियों, संभावित जोखिमों की पहचान एवं उनसे बचाव के उपायों तथा सुरक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारियों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के प्रति निरंतर सजग एवं प्रतिबद्ध रहने तथा कार्यस्थल पर “सुरक्षा सर्वोपरि” की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
उल्लेखनीय है कि सुरक्षा जागरूकता सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत क्विज, निबंध लेखन, वाद-विवाद, भाषण, स्लोगन लेखन एवं पोस्टर डिजाइन जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। इनमें बोकारो स्टील प्लांट के अधिशासी एवं अनधिशासी वर्ग के कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता ने न केवल कार्यक्रम को सफल बनाया, बल्कि कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य-संस्कृति के प्रति उनकी सामूहिक प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।सप्ताह भर चले इस कार्यक्रम का समापन अधिशासी निदेशक (संकार्य) सभागार में आयोजित एक विशेष समारोह के साथ हुआ।
इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उनके संबंधित विभागाध्यक्षों को सम्मानित किया गया।समापन समारोह को संबोधित करते हुए अधिशासी निदेशक (संकार्य) ने टेक्निकल सेल विभाग द्वारा सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए की गई इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा केवल निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक कर्मचारी की व्यक्तिगत एवं सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस प्रकार के कार्यक्रम कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने, सुरक्षित कार्य-पद्धतियों को प्रोत्साहित करने तथा संगठन में मजबूत एवं सतत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम को सफल बनाने में टेक्निकल सेल विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।


