रानीश्वर में पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर के जयंती समारोह की तैयारी, आज होगी अहम बैठक

रानीश्वर (दुमका) : महान समाज सुधारक पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर की जयंती रानीश्वर में धूमधाम से मनाने की तैयारी की जा रही है। इसके आयोजन की तैयारी में जुटे विद्यासागर स्मृति रक्षा समिति के मीडिया प्रभारी नीलांबर कुमार साहा ने बताय कि शनिवार 17 सितंबर को समारोह आयोजन की तैयारी हेतु झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के नेताजी सुभाष चंद्र बोस सभागार में अपराह्न चार बजे बजे बैठक होगी। 1855-56 के संथाल विद्रोह के दुःखद अंत के बाद उसी वर्ष अंग्रेजों ने वीरभूम जिले के पश्चिम भाग जंगल महल को खंडित कर संथाल परगना को स्वतंत्र जिला घोषित किया था।
उस समय संथाल परगना क्षेत्र में प्लेग एवं हैजा ने महामारी का रूप ले लिया था।पंडित जी कोलकाता के व्यस्त जीवन छोड़ यहां संताल परगना आकर महामारी पीड़ितों की चिकित्सा सेवा शुरू की थी। उन्होंने वर्तमान में जामताड़ा जिला के करमाटांड़ में आकर सेवा मूलक कार्य शुरू किया था। करमाटांड़ रेलवे स्टेशन से सटे तीन एकड़ उन्नीस डिसमल जमीन पर विशाल कर्मकांड शुरू किये थे। वर्ष 1873 में करमाटांड़ आकर यहां संथाल, पहाड़िया, भुइयां, घटवाल एवं अन्य कमजोर वर्ग की चिकित्सा एवं शिक्षा सेवा शुरू की थी। वर्ष 1891 के 29 जुलाई उनका निधन हो गया। 18 साल तक उन्होंने इस क्षेत्र में सेवा कार्य किया। नंदन कानन के नाम से ख्यात उनके उस आवास परिसर में उनका निःशुल्क होमियोपैथी चिकित्सालय एवं विद्यालय संचालित होती थी।
पंडित जी के निधन के पश्चात उनके एकमात्र पुत्र नारायण बंदोपाध्याय ने कोलकाता के मल्लिक परिवार को नंदन कानन के तीन एकड़ उन्नीस डिसमल जमीन बेच दी थी। लंबे समय में रखरखाव के अभाव में नंदन कानन खंडहर बन गया था। वर्ष 1974 में बिहार बंगाली समिति ने पंडित जी के कर्मकांड को जारी रखने के लिए कोलकाता के मल्लिक परिवार से 24 हजार रुपये में नंदन कानन की जमीन क्रय की थी। उस समय बिहार सरकार के मुख्यमंत्री गफूर साहब ने नंदन कानन को क्रय करने पंद्रह हजार रुपये आर्थिक सहयोग दिये थे शेष 9 हजार की राशि जन सहयोग से इकट्ठा किया गया था। वर्ष 1978 में बिहार बंगाली समिति यहां विद्यासागर बालिका विद्यालय स्थापित किया था। उसी वर्ष 2 अक्टूबर 1978 को बिहार सरकार के तत्कालीन शिक्षा मंत्री गुलाम सरोवर ने विद्यासागर बालिका विद्यालय को वित्तरहित विद्यालय की स्वीकृति दी थी। बिहार बंगाली समिति ने यहां पंडित जी के महान कर्म कांड को जारी रखने के लिए विद्यासागर स्मृति रक्षा समिति का गठन किया है।
दिनांक 30 मार्च 2014 को उस समिति के बैठक में 42 साल के पुराना विद्यासागर बालिका विद्यालय को बंद कर दिया है। केंद्र सरकार के रेल मंत्रालय ने उस महान विभूति के सम्मान में कर्माटाड़ स्टेशन का विद्यासागर स्टेशन नामकरण किया हैं । पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में कर्माटाड़ को प्रखंड के रूप में स्वीकृति दी गयी। साथ ही इसका नामकरण विद्यासागर प्रखंड के रूप में किया गया। पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने नंदन कानन को नेशनल हेरिटेज घोषित करने की मांग की थी। स्थानीय बुद्धिजीवियों ने संथाल विद्रोह के पश्चात यहां पंडित जी के द्बारा किये गये सेवा कार्य को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की है।


