कोलकाता में गिरफ्तार झारखंड के तीन कांग्रेस विधायकों के ठिकानों पर बंगाल सीआईडी का छापा

रांची: पश्चिम बंगाल सीआईडी ने सोमवार को झारखंड में कांग्रेस के विधायक डॉ इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी के घरों पर छापामारी की। इन तीनों विधायकों को बीते 30 जुलाई को कोलकाता पुलिस ने हावड़ा के पांचला में 49.37 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले की जांच कर रही पश्चिम बंगाल सीआईडी ने तीनों विधायकों को पूछताछ के लिए रिमांड पर ले रखा है। सोमवार को सीआईडी के एक टीम ने सबसे जामताड़ा में विधायक डॉ इरफान के आवास पर छापा मारकर कई दस्तावेज बरामद किये।
यहां लगभग तीन घंटे तक छानबीन की गयी। इसके बाद शाम चार बजे से रांची में तीनों विधायकों के सरकारी आवास की भी तलाशी ली जा रही है। खिजरी के विधायक राजेश कच्छप के नामकुम राजाउलातू स्थित निजी आवास पर भी छापामारी की जा रही है। सीआईडी की टीम के साथ झारखंड की पुलिस भी है। माना जा रहा है कि तीनों विधायकों से पूछताछ में सीआईडी को जो जानकारियां हासिल हुई हैं, उनके सत्यापन के लिए उनके आवासों की तलाशी ली जा रही है। विधायकों की रिमांड की अवधि पूरी होने पर सीआईडी अदालत में उनसे जुड़े साक्ष्य पेश करेगी।
#पश्चिमबंगाल सीआईडी ने #झारखंड में #कांग्रेस (@INCJharkhand) के विधायक डॉ इरफान अंसारी, राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी के घरों पर छापामारी की। इन तीनों विधायकों को बीते 30 जुलाई को कोलकाता पुलिस ने हावड़ा के पांचला में 49.37 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। pic.twitter.com/gwBoUn7Uob
— IANS Hindi (@IANSKhabar) August 8, 2022
सीआईडी कोलकाता की जांच में यह बात सामने आयी है कि 30 जुलाई को विधायक इरफान अंसारी अपने सहायक कुमार प्रतीक के साथ कोलकाता के लाल बाजार स्थित व्यवसायी महेंद्र अग्रवाल के कार्यालय गये थे। यहीं पर महेंद्र अग्रवाल ने उन्हें 49 लाख रुपये दिए थे। इस रकम में कांग्रेस के दो अन्य विधायकों राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगाड़ी का भी हिस्सा था। बाद में ये तीनों विधायक गाड़ी से हावड़ा होते हुए गुजर रहे थे, तब इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
इसके अगले दिन कांग्रेस के एक अन्य विधायक अनूप सिंह ने रांची के अरगोड़ा थाने में दर्ज करायी गयी एक एफआईआर में आरोप लगाया था कि तीनों विधायकों ने उन्हें झारखंड में सरकार को पलटने के लिए रचे गये एक प्लान में शामिल होने का प्रलोभन दिया था। अनूप सिंह के मुताबिक विधायक इरफान अंसारी ने उनकी मुलाकात असम के सीएम हिमंत बिस्वा शरमा से कराने और इसके बाद झारखंड में बनने वाली नई सरकार में मंत्री पद एवं 10 करोड़ रुपये देने का ऑफर दिया था। इस एफआईआर को भी कोलकाता सीआईडी ने टेकओवर करते हुए अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है।


