उपायुक्त ने की आत्मा शासकीय निकाय (जीबी) की बैठक, ऋण माफी के लिए लंबित केवाईसी जल्द कराने का निर्देश

रांची : रांची उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) शासकीय निकाय जीबी की बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) रांची द्वारा क्रियान्वित किए जाने वाले वार्षिक कार्य योजना पर विचार विमर्श किया गया।

 

बैठक के दौरान उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कृषि, पशुपालन, भूमि संरक्षण, सहकारिता, गव्य विकास, मत्स्य, उद्यान से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रक्रियात्मक मुद्दों पर काम कर लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ देने के लिए सप्लायर के साथ लाभुकों को टैग करें। उपायुक्त ने जून महीने में वर्षापात पर विचार विमर्श करते हुए रोपा पर ध्यान देने की बात कही।

वहीं, उन्होंने कहा कि बारिश बेहतर होने की संभावना पर रोपा में तेजी लाएं। क्रॉप शिफ्ट करने की स्थिति पर उपायुक्त ने किसानों को समय पर सूचना, बीज उपलब्धता और प्रशिक्षण सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही उपायुक्त द्वारा अनुदानित मूल्य से ज्यादा मूल्य पर उर्वरकों की बिक्री पर लगातार छापेमारी कर कार्रवाई करते रहने का निर्देश दिया केसीसी की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने ज्यादा से ज्यादा आवेदकों को योजना का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने ज़िला अग्रणी बैंक प्रबंधक को विभिन्न बैंक की शाखाओं में केसीसी के लंबित आवेदनों का जल्द निष्पादन करने को कहा।

 

ऋण माफी के लिए चयनित वैसे किसान जिनका केवाईसी लंबित है, उपायुक्त द्वारा जल्द उनका केवाईसी कराने का निर्देश दिया गया। पशुपालन, गव्य विकास, मत्स्य से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने ज्यादा से ज्यादा लाभुकों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बाजार समिति सचिव को उपायुक्त द्वारा विकास कार्यों पर प्रगति लाने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक, आत्मा विकास कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद रांची, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, सचिव बाजार समिति, प्रतिनिधि जिला ग्रामीण विकास अभिकरण डीआरडीए एवं विभिन्न प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More