भारत विकास परिषद की बैठक में विभिन्न कार्याें की समीक्षा, महिलाओं के सहयोग पर जोर

दुमका : भारत विकास परिषद, दुमका इकाई की बैठक विजय भारत कंफेक्सॉनेरी वीर कुंवर सिंह चौक, दुमका में की गयी। बैठक में मुख्य रूप से भारत विकास परिषद के नियमित कार्य बिंदुओं के विस्तार एवं किए जा रहे कार्याें की समीक्षा भारत विकास परिषद के सामान्य समिति में की जानी है। इसके लिए विशेष रूप से भारत विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर प्रशांत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य बिंदु के रूप में संस्कार, संपर्क, सहयोग, सेवा, समर्पण जैसे मूल भावना से प्रेरित कार्यक्रमों को प्राथमिकता दिया जाना है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत भारत को जानो, गुरु वंदन, छात्र अभिनंदन, संस्कारशाला आदि कार्यक्रम प्रमुख हैं।
भारत विकास परिषद ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा के कार्यों को नियमित रूप से करती आ रही है। प्रोफ़ेसर प्रशांत ने भारत विकास परिषद, दुमका इकाई के संगठनात्मक मजबूती के लिए मिलन समारोह जैसे कार्यक्रम को करने की इच्छा जताई एवं शहर के संपन्न एवं प्रबुद्ध व्यक्तियों से संपर्क कर उन्हें भारत विकास परिषद के उद्देश्यों के विषय में बतलाया, ताकि उन्हें एक भारत, श्रेष्ठ भारत, संस्कारित भारत जैसे कार्यक्रमों के विषय में बता कर उनका सहयोग प्राप्त किया जा सके।
भारत विकास परिषद के सचिव मधुर कुमार सिंह ने अपने कार्यकाल में किए गए संपूर्ण कार्यक्रम को सामान्य समिति के सामने रखा एवं आगे किए जाने वाले कार्यक्रमों के विषय में सहमति प्रदान करने का आग्रह किया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद की अध्यक्ष भारती शर्मा ने ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों में किए गए कार्यक्रम के प्रति सदस्यों एवं ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों और अधिक सहयोग देने की बात कही।
भारत विकास परिषद के सदस्य योगाचार्य सोना शर्मा ने योग के माध्यम से समाज को स्वास्थ्य एवं शक्ति प्रदान कराने की बात कही। भारत विकास परिषद के उपाध्यक्ष अनहद लाल ने सभी सदस्यों से आग्रह किया एक-एक कर दुमका के ग्रामीणों से संपर्क करें एवं अधिक से अधिक लोगों को भारत विकास परिषद से जोड़ने का प्रयास करें। भारत विकास परिषद के सदस्य जितेंद्र शाह ने हर तरह के कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति देकर समाज को सजग करने के लिए जागरूक करने की बात कही, ताकि भविष्य की समस्याओं से समाज को बचाया जा सके। भारत विकास परिषद की सदस्य संगीता अग्रवाल ने भारत विकास परिषद के गतिविधियों को संकलित कर समिति के समक्ष रखा। भारत विकास परिषद के सदस्य यशवंत सिंह जी इकाई को मजबूत करने के लिए धन संग्रह पर जोर दिया। इस अवसर पर भारत विकास परिषद के सदस्य जयंती घिरिया, राजकुमारी झा, नूतन बाला, सोना शर्मा, अनुज आर्य, यशवंत सिंह, जितेंद्र शाह ने सामूहिक रूप से बुके देकर मुख्य अतिथि प्रोफ़ेसर प्रशांत एवं उनकी पत्नी सीमा सहाय का स्वागत किया।


