विकलांग, विधवा एवं वृद्धा जन कल्याण मोर्चा व बिरसा दिव्यांग समिति रांची के आंदोलन में होगा शामिल

दुमका : विकलांग, विधवा एवं वृद्धा जन कल्याण मोर्चा एवं बिरसा दिव्यांग समिति की संयुक्त बैठक पुराना स्थापना कार्यालय के प्रांगण में बलदेव राय की अध्यक्षता में की गयी। रांची में राजभवन के सामने 26 नवंबर 2022 से झारखंड दिव्यांग आंदोलन संघ के द्वारा चल रहे अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन का आज 19वाँ दिन हो गया है, लेकिन अभी तक सरकार की तरफ से किसी भी अधिकारी को आन्दोलनकारियों से बात करने के लिए नहीं भेजा गया है। लगता है सरकार दिव्यांगजनों के प्रति सौतेला व्यवहार कर रही है।
संघ की सिर्फ 21 सूत्री मांग है। इस मांग पत्र में एक मांग सरकार के द्वारा ही कहा गया है कि यदि हम सरकार में आयेंगे तो आपलोगों के प्रोत्साहन भत्ता 1000 से बढ़कर 2500 रुपये कर देंगे। लेकिन, इसे अब तक पूरा नहीं किया गया है। सरकार हमारे 21 सूत्री मांगों के लिए कोई पहल नहीं कर रही है। इसलिए आज की बैठक में सर्वसम्मत से यह निर्णय लिया गया कि रांची, राजभवन के सामने 26 नवंबर 2022 से झारखंड दिव्यांग आंदोलन संघ के द्वारा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन को समर्थन व शामिल होने के लिए दुमका जिला से लगभग 100 से अधिक संख्या में दिव्यांगजन दिनांक 19 दिसंबर 2022 को राँची के लिए प्रस्थान करेंगे एवं धरना-प्रदर्शन को जोरदार तरीके से सफल बनायेंगे। इस बैठक में प्रियतम कुमार सिंह, मोहन साह, अमर कुमार महतो, अब्दुल मोहिद अंसारी, सुमिता बेसरा, जानकी कुमारी, चंदन कुमार, मनोज दे, आशीष घोष, उपेंद्र राय, रवि लाल मोहाली, संजीव मोहाली, प्रतीक कुमार, दरबारी मुर्मू, मुकेश देहरी, सीताराम साह, विनोद प्रसाद ठाकुर आदि उपस्थित थे।


