गिरिडीह रेलवे स्टेशन का नामकरण सर जगदीश चंद्र बोस के नाम पर हो, झारखंड बंगाली समिति की मांग

दुमका : झारखंड बंगाली समिति के प्रदेश अध्यक्ष विद्रोह कुमार मित्र ने मंडल रेल प्रबंधक आसनसोल तथा जनरल मैनेजर, हावड़ा से मांग की है कि गिरिडीह रेलवे स्टेशन का नाम सर जगदीश चंद्र बोस के नाम पर हो। जगदीश चंद्र बोस का सबसे ख़ास शोध पेड़.पौधों पर ही रहा है। इसलिए गिरिडीह से उनका खास लगाव था, यहां के जंगल तरह-तरह के पेड़ पौधों से भरे हुए थे। उन्होंने पौधो पर बदलते हुए मौसम से होनेवाले असर का अध्ययन किया था। वे विश्लेषण करके इस नतीजे पर पहुंचे कि पौधे संवेदनशील होते हैं, वे दर्द महसूस करते हैं, स्नेह अनुभव कर सकते हैं।
वे न सिर्फ गिरिडीह लगातार आते रहते थे,बल्कि उनका एकांत वैज्ञानिक शोध का एक बड़ा समय यहीं गुजरा था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा बंगला भाषा में हुई थी। वे विज्ञान की कथाएँ भी लिखते थे। इसलिए उन्हें बंगाली विज्ञान कथा, साहित्य का पिता भी माना जाता था। बोस ने गिरिडीह में रह कर अपने नए आविष्कारों और खोज को मूर्त रूप दिया। उनकी कई निशानियां आज भी यहां मौजूद हैं। बोस का गिरिडीह में निवास होना सिर्फ गिरिडीह नहीं पूरे झारखंड के लिए गर्व की बात है। गिरिडीह आवास में ही उन्होंने 23 नवंबर 1932 को अंतिम सांस भी ली थी।
उपरोक्त विषय को लेकर झारखंड बंगाली समिति के प्रदेश अध्यक्ष श्री मित्र ने मंडल रेल प्रबंधक तथा रेलवे जीएम, हावड़ा से निवेदन किया है कि अगर गिरिडीह रेलवे स्टेशन को सर जगदीश चंद्र बोस के नाम से किया जाये तो निश्चित रूप से हम इस महान वैज्ञानिक को उचित सम्मान देने में सफल होंगे।


