पॉवर स्टार क्लब ने किया डांस प्रतियोगिता का आयोजन, विजेता बच्च्चे पुरस्कृत

महुदा (धनबाद) : काली पूजा के अवसर पर पावर स्टार क्लब पावर हाउस महुदा पंचायत द्वारा डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाटडीह थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि आज बहुत से ऐसे प्लेटफार्म हैं, जहां अपने हुनर को दिखा सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और बच्चियों को इस तरह के कार्यक्रम द्वारा प्रोत्साहित करना सराहनीय कदम है। आने वाले दिनों में वो बड़े मंच पर भी अपना जौहर दिखा सकते हैं।
वहीं पंचायत के मुखिया बदरुद्दीन अंसारी ने कहा कि हमारी पंचायत के लोग बड़े मंचों को भी साझा करें और उसमें हिस्सा लें। इसके लिए मुझसे जो बन पाएगा मैं वह करूंगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पंचायत समिति सदस्य दिलखुश देहाती, अमान अंसारी, प्रदीप तुरी, सुरेश तुरी, अर्जुन राउत, तुलसी, हरी मंटू शर्मा, राजू राय, कृष्णा राउत, रोशन जमील आदि उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर कस्तूरी कुमारी, द्वितीय पुतुल कुमारी और तृतीय स्थान पर अंकित राउत रहीं। सभी प्रतिभागियों को मैडल के साथ नकद पुरस्कार भी दिया गया। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता उमेश कुमार तुरी ने किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अभिमन्यु कुमार, विजय कुमार, विनोद हरी, सतीश राउत, मनीष कुमार आदि ने अहम भूमिका निभाई।




