महुदा की किशोरियों ने रंगोली के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ आवाज किया बुलंद

झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट की मुहिम का व्यापक असर
महुदा (धनबाद) : झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट, धनबाद के तत्वावधान में पंचायत सचिवालय, महुदा बस्ती में बाल विवाह उन्मूलन पर रंगोली एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें नई मंजिल किशोरी समूह महुदा बस्ती की किशोरियों ने बाल विवाह के दुष्परिणामों को निबंध लेखन एवं रंगोली के माध्यम से दरसाया और गांव समाज को बाल विवाह मुक्त करने का संदेश दिया।
झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट की सचिव हलिमा एजाज ने सभी किशोरियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से बाल विवाह के दुष्परिणामों को दर्शाकर किशोरियों ने बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद की है।
वहीं मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति, बोकारो के चेयरपर्सन शंकर रवानी ने निबंध लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले किशोरियों को हौसला अफजाई करते हुए अपने हाथों से पुरस्कार देकर सम्मानित किया। रवानी ने इस दौरान कहा कि बाल विवाह कुप्रथा के खिलाफ देश भर में सामाजिक अभियान की शुरुआत हो चुकी है अब गांव-पंचायत बाल विवाह मुक्त बनेगा। नई मंजिल किशोरी समूह की रेणु कुमारी, नैना कुमारी, आरती कुमारी, निशा कुमारी, अंजली कुमारी, सबीना परवीन, चाहत परवीन, रिफत खातून, पूजा कुमारी, पुष्पा कुमारी, मुस्कान परवीन, नरगिस ने रंगोली प्रतियोगिता में भाग लिया।
मौके पर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष विनोद महतो, नईमुद्दीन अंसारी, फील्ड कोआर्डिनेटर गुलनाज बानो, माला देवी, पूजा कुमारी, उमेश कुमार तुरी आदि मौजूद थे।


