आदिवासी युवक के उत्पीड़न मामले में दुमका सदर के BDO राजेश सिन्हा पर एससी-एसटी के तहत मामला दर्ज

दुमका : आदिवासी युवक के उत्पीड़न मामले में दुमका सदर प्रखंड के बीडीओ राजेश सिन्हा के खिलाफ दुमका के एससी-एसटी थाने में रविवार शाम को मामला दर्ज किया गया। यह प्राथमिकी आदिवासी युवक विल्सन मरांडी की शिकायत पर दर्ज की गयी है।
विल्सन ने एससी-एसटी थाने में शिकायत देकर कहा था कि 29 दिसंबर को वे प्रखंड कार्यालय परिसर में एक झाड़ी में लघुशंका कर रहे थे, इसी दौरान बीडीओ की उन पर नजर पड़ी तो उन्होंने बुलाकर उन्हें अपमानित, मारपीट व उत्पीड़ित किया और जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। उनके अनुसार, बीडीओ की अपने आवास से निकलते वक्त उन पर नजर पड़ी। विल्सन मरांडी के अनुसार, वे प्रखंड कार्यालय धान बिक्री की जानकारी लेने अपने एक मित्र रवींद्र मुर्मू के साथ गए थे। उन्होंने शिकायत में कॉलर पकड़ने व एक घंटे तक बंधक बनाने का भी उल्लेख किया है।
विल्सन द्वारा इस मामले में एससी-एसटी थाने में शिकायत करने पर जब कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने डीसी व एसपी को शिकायत की, जिसके बाद डीसी ने जांच के आदेश दिया। इस मामले में चार जनवरी तक रिपोर्ट आनी थी, इस बीच आज शाम बीडीओ राजेश सिन्हा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।
एससी-एसटी थाने के प्रभारी पुनीत उरांव ने कहा कि विल्सन मरांडी की शिकायत पर मामले में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।




