केंद्रीय कैबिनेट ने छह रबी फसलों की एमएसपी बढाई, गेहूं की एमएसपी में 40 रुपये की वृद्धि

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए। इसमें एक अहम फैसला रबी फसलों का एमएसपी बढाने को लेकर है। केंद्र सरकार ने छह रबी फसलों का एमएसपी में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय अगले रबी फसल चक्र के लिए यानी वर्ष 2022-23 के लिए प्रभावी होगी।

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में छह रबी फसलों की एमएसपी का निर्धारण किया गया है। उन्होंने कहा कि 2021-22 में गेहूं का एमएसपी 1975 रुपये प्रति क्विंटल था, जिसके 2022-23 के लिए 2015 रुपये कर दिया गया। तोमर ने कहा कि साल 2021-22 में जौ का एमएसपी 1600 रुपये क्विंटल था, वह अब 1635 रुपये हो गया है।

चना का एमएसपी 2021-22 में 5100 रुपये था, जिसे अब 5,230 रुपये कर दिया गया है। मसूर का एमएसपी 2021-22 में 5,100 रुपये क्विंटल था, उसे अब 5,500 रुपये कर दिया गया है। सरसों का एमएसपी 4650 रुपये क्विंटल था, जिसे 5,050 रुपये क्विंटल कर दिया गया। सूरजमुखी का एमएसपी 5,237 रुपये क्विंटल था, जिसे 5441 रुपये क्विंटल कर दिया गया है।

वहीं, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने जानकारी दी कि कैबिनेट टेक्साटाइल मंत्रालय को लेकर अहम निर्णय लिया। पांच वर्षाें में इस क्षेत्र को 10,683 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन मुहैया कराया जाएगा। प्रत्यक्ष तौर पर 7.5 लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। वहीं, इस फैसले को लेकर केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस योजनाओं का लाभ लेते हुए भारत अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपना वर्चस्व और दिखा पाएगा। विकसित देशों के साथ भी एफटीए करके हम कपड़ा व्यापार में बाकी देशों के सामने जो हमारी डिसेबिलिटी है उसे कवर करने का प्रयास कर रहे हैं।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More