पीएम मैटेरियल के सवाल पर नीतीश कुमार ने दिया ऐसा जवाब, बोले – हमको क्षमा कीजिएगा…

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उनकी पार्टी पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने एक बार फिर पीएम मैटेरियल बताया है। 2017 में भाजपा से दूसरी बार गठबंधन करने व एनडीए में शामिल होने के बाद यह पहला मौका है, जब नीतीश कुमार को पार्टी ने इतनी मजबूती से पीएम मैटेरियल बताया है। ऐसे में नीतीश कुमार ने इस पर प्रतिक्रिया दी है।

जदयू के शीर्ष नेता नीतीश कुमार ने मंगलवार को पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा कि इसकी चर्चा छोड़िए, यह सब पार्टी की मीटिंग में नेता लोगों को जो मन में आता है बोलता है। मालूम हो कि जदयू कार्यकारिणी के दौरान उनकी पार्टी के नेताओं ने उन्हें पीएम मैटेरियल बताया था।

नीतीश कुमार ने कहा कि पार्टी की जब बैठक हुई तो उसमें अध्यक्ष के निर्वाचन, उन्हें दिए गए कुछ और अधिकार, पार्टी संविधान में संशोधन, जातिगत जनगणना की मांग आदि विषयों पर चर्चा हुई। अगर पार्टी में कोई कुछ बोलता है तो वह पार्टी का निर्णय नहीं है। इसलिए इन बातों को लेकर हमको क्षमा कीजिएगा।

मालूम हो कि हाल में कई बिंदुओं पर जदयू एनडीए व भाजपा से अलग राह लेती दिख रही है। जदयू लगातार जातिगत जनगणना की मांग करती रही है। वहीं, भाजपा नेता व राज्य सरकार में मंत्री शाहनवाज हुसैन ने हाल में कहा था कि हमारे पास अधिक सीटें हैं, इसलिए जिम्मेवारी भी अधिक है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More