शिवसेना ने पूछा, राजीव गांधी ने हॉकी स्टिक नहीं उठायी तो नरेंद्र मोदी ने क्रिकेट में क्या कमाल किया?

मुंबई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के सबसे बड़े खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदल कर मेजर ध्यान चंद खेल रत्न पुरस्कार किए जाने पर शिवसेना ने सवाल पूछा है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में लिखा है कि राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार करना एक रानजीतिक खेल है, न कि जनभावना जिसका दावा भाजपा कर रही है।

सामना ने सवाल पूछा है कि अगर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने हॉकी स्टिक नहीं उठायी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रिकेट में क्या किया? सामना ने लिखा कि अहमदाबाद में सरदार पटेल स्टेडियम का नाम बदल कर नरेंद्र मोदी के नाम पर रखा गया तो उन्होंने क्रिकेट में क्या कमाल किया था।

सामना ने लिखा है कि दिल्ली में स्टेडियम का नाम अरुण जेटली के नाम पर रखा गया। शिवसेना ने कहा कि यही मापदंड वहां भी लागू हो सकता है, यह सवाल लोग पूछ रहे हैं।

सामना ने लिखा कि सरकारें बदले और विद्वेष की भावना से नहीं चलती हैं और यह एक जनभावना है जिसका ध्यान रखा जाना चाहिए। उसने लिखा है कि सरकार ने दावा किया है कि नाम बदलने का फैसला जनभावना के तहत किया गया है, मगर इसे लेकर तो कोई विवाद ही नहीं है क्योंकि कांग्रेस ने भी यही किया है।

सामना ने यह तो राजनीतिक खेल है शीर्षक से लिखे संपादकीय में कहा है कि आज मोदी सरकार ने राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के रूप में किया है। इसक अर्थ पहले की सरकारें ध्यानचंद को भूल गयीं थीं, ऐसा नहीं है। 1956 में ध्यानचंद को तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। तीन दिसंबर 1979 को दिल्ली में महान खिलाड़ी का निधन हो गया। उनके जन्मदिन को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

सामना ने लिखा है कि ध्यानचंद के नेहरू जी से घनिष्ठ संबंध थे और उनके नाम पर पुरस्कार भी दिया जाता है। सामना ने लिखा है कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देनेवाले राजीव गांधी का नाम मिटाकर वहां मेजर ध्यानचंद का नाम लगाना यह ध्यानचंद का भी बड़ा गौरव है, ऐसा नहीं माना जा सकता है। राजीव गांधी का नाम नहीं चाहिए, इसलिए ध्यानचंद का नाम देना, यह द्वेष की राजनीति है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More