गुमला में युवती ने कोयल नदी में लगाई छलांग, युवकों ने बचाई जान

गुमला : जरीना खातुन 25 ने शुक्रवार को नागफेनी स्थित पुल से कोयल नदी में छलांग लगा दी। नदी के तेज बहाव में वह बहती जा रही थी। यह देख नागफेनी के कुछ युवक उसकी जान बचाने के लिए दौड़ पड़ें। अर्जुन साहू, कुलदीप साहू, बलराम साहू, नकुल साहू, जय प्रकाश सिंह नदी में कूद पड़े और तैरते हुए काफी मशक्कत के बाद उक्त युवती को नदी से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार अंबवा गांव निवासी कलीम अंसारी की पुत्री जरीना नागफेनी पुल पर किसी से मोबाईल पर बात कर रही थी। इसके बाद वह आवेश में आकर पहले तो चलती ट्रक के पहिये के नीचे आकर जान देने की नाकाम कोशिश की। इसके बाद उसने पुल से सीधे कोयल नदी में छलांग लगा दी। जरीना सिविल कोर्ट गुमला में पीएलबी के रूप में काम करती है। बहरहाल अपनी जान की परवाह किये बगैर जरीना की जान बचाने वाले युवकों की सभी लोग सराहना कर रहे हैं। वहीं आत्महत्या का प्रयास के पीछे की वजह क्या हैएइसका पता नहीं चल पाया है।


