रांची में पकड़ी गयी फर्जी आइएएस मोनिका, जानिए उसके काले कारनामे के बारे में

Fake IAS Monika Jharkhand
रांची : नकली आइएएस या आइपीएस अफसर बन कर लोगों का भयादोहन करने व अन्य अफसरों के पास अपना रौब झाड़ने का की खबरें समय-समय पर मीडिया में आती रही है। अक्सर ऐसे लोग जालसाज व ठग किस्म के होते हैं। लेकिन, रांची में अब एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें यूपीएससी की तैयारी करने वाली एक लड़की ने खुद को प्रतियोगिता परीक्षा पास करने के पहले ही आइएएस घोषित कर दिया और रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में किराये के घर में खुद को आइएएस बताने वाला नेम प्लेट भी लगा दिया।
फर्जीवाड़ा करने वाली महिला मोनिका अशोक नगर के जिस मकान में रह रही थी, उसके मकान मालिक को खुद को प्रशिक्षु आइएएस बताया था और कहा था कि उसकी पोस्टिंग जमशेदपुर में डिप्टी कलेक्टर के रूप में है। वह महिला मध्यप्रदेश के कटनी की रहने वाली है। मकान मालिक डॉ डीके राय को उसक गतिविधियों पर संदेह हुआ तो उन्होंने पुलिस को गुप्त रूप से सूचना दे दी थी, जिसके बाद पुलिस उसकी निगरानी कर रही थी और शुक्रवार को उसे धर लिया गया।
महिला से जब मकान मालिक पूछते कि वह जमशेदपुर क्यों नहीं जाती है तो उसका कहना होता था कि फिलहाल वह छुट्टी पर है। मोनिका ने झारखंड सरकार फर्जी लोगो, डिप्टी कलेक्टर का फर्जी लेटर पैड बनवा रखा था। दिल्ली के झारखंड भवन में कमरा बुक कराने को लेकर उसके द्वारा आइएएस के लेटर हैड पर झारखंड के मुख्य सचिव को लिखा पत्र भी पुलिस ने बरामद किया है।
अरगोड़ा पुलिस ने दो दिन तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखा और उसके बाद उसकी गिरफ्तारी हुई। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो उसने पहले आइएएस होने का रौब दिखाया। बाद में दबाव बनाने पर वह पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल ली।
उसने बताया कि उसके पिता स्कूल में हेडमास्टर हैं और मां सरकारी नौकरी में क्लर्क है। उसने बताया कि वह आइएएस बनना चाहती थी लेकिन यूपीएससी परीक्षा पास नहीं कर पायी तो माता-पिता को तसल्ली देने व परिवार व दोस्तों को दिखाने के लिए खुद को आइएएस के रूप में पेश करना शुरू किया। लेकिन, अब उसका यह फर्जीवाड़ा उस पर भारी पड़ गया है। मोनिका पहले दिल्ली के एक कोचिंग संस्थान में आइएएस की तैयारी कर रही थी, लेकिन परीक्षा पास नहीं कर सकी।




