Jharkhand CM हेमंत ने कोरोना को लेकर जारी किया नई गाइडलाइन, सारे संस्थान बंद, शादी में शामिल होंगे 50

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार, 18 अप्रैल 2021 को कोरोना संक्रमण के बढते खतरे के बीच नई गाइडलाइन जारी की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड की जनता से आग्रह किया कि वे इस गाइडलाइन का पालन करें और कोरोना की चेन को तोड़ने में मदद करें। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि एक महीने बाद हम फिर इसकी समीक्षा कर आगे की गाइडलाइन तय करेंगे।
राज्य में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए कुछ निर्णय लिए गए हैं। ज़रूरत पड़ने पर आगे और कदम उठाये जायेंगे। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुँचायी जा सके इसके लिए भी उचित कदम उठाये जा रहे हैं।
सभी लोगों से अपील है कोरोना की इस विकट घड़ी में आप सभी सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। pic.twitter.com/DjOurtBrHL— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) April 18, 2021
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ जारी वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सारे संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। सीएम हेमंत ने कहा कि सारे स्कूल, काॅलेज, कोचिंग, प्रशिक्षण संस्थान व अन्य संस्थान बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि शादी में लोगों के शामिल होने की सीमा पहले 50 तय की गयी थी, अब उसे कम कर 50 कर दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड की जनता से आग्रह किया कि कृपया कर शादी समारोह में 50 से अधिक लोगों की उपस्थिति नहीं होने दें।
झारखंड: रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी गठबंधन पार्टियों के नेताओं के साथ राज्य में बढ़ते कोविड संक्रमण के संदर्भ में मीटिंग की। #COVID19 pic.twitter.com/sYcoXxuy1o
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 18, 2021
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी तरह की परीक्षाएं रद्द रहेंगी, चाहे वे स्कूल के, काॅलेज के या प्रवेश के हों वे आयोजित नहीं की जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि सारी संस्थागत परीक्षाएं अगले आदेश तक रद्द किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विशेष परिस्थिति में सरकार द्वारा समय-समय पर और भी निर्णय लिए जा सकते हैं जो राज्य हित में, यहां के लोगों के हित में हो। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे इस संक्रमण को हल्के में नहीं लें। सोरेन ने कहा कि पहले से यह संक्रमण घातक रूप में सामने आ रहा है, जो बूढे, बच्चों, युवा सबको अपनी चपेट में ले रहा है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे कुछ दिनों के लिए अपने मौज-मस्ती को रोकें। उन्होंने कहा कि आप जिससे मिलें उसे कोरोना संक्रमित मानकर ही इससे बचाव के लिए कदम बढाएं, क्योंकि आप संक्रमित होंगे तो आपके परिवार के लोग संक्रमित हो जाएंगे।
उन्होंने आग्रह किया कि लोग मास्क पहन कर व जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें। भीड़ में नहीं रहें। हेमंत सोरेन ने कहा कि कल सर्वदलीय बैठक की गयी थी और आज फिर सरकार के घटक दलों के साथ बैठक व वार्ता कर ये निर्णय लिए गए हैं।


