JMM का बड़ा फैसला, बंगाल चुनाव में नहीं देगा उम्मीदवार, ममता को हेमंत सोरेन ने किया समर्थन का ऐलान

रांची : झारखंड की मुख्य सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर बड़ा निर्णय लिया है। पार्टी ने फैसला किया है कि वह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी। इसका ऐलान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष व झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार (12-03-2021) को किया। हेमंत सोरेन ने कहा कि हम दीदी (ममता बनर्जी) की मदद करना चाहते हैं ताकि वे सत्ता में वापस लौटें।

उन्होंने कहा कि इसलिए हम उन्हें समर्थन देंगे। इससे पहले हेमंत सोरेन ने ने झारखंड सीमा से लगे पश्चिम बंगाल के इलाके में जनसभा कर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया था। झामुमो ने आदिवासियों की बहुलता वाले इलाके में और सीमाई क्षेत्रों में उम्मीदवारों देने की रणनीति बनायी थी। हालांकि अब पार्टी इस फैसले से पीछे हट गयी है।

हेमंत सोरेन ने आज कहा कि तृणमूल कांग्रेस की ओर से फोन भी आया था और उनका पत्र भी आया था जिसके बाद विचार-विमर्श व पार्टी अध्यक्ष शिबू सोरेन से चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया कि पार्टी पश्चिम बंगाल में उस पार्टी को समर्थन करेगी जो सांप्रदायिक ताकतों को रोकने में सक्षम है और इसलिए हम ममता दीदी को समर्थन करेंगे व अपना उम्मीदवार नहीं उतारेंगे।

जब हेमंत सोरेन ने बंगाल विधानसभा चुनाव में उम्म्ीदवार देने का ऐलान किया था तब ममता बनर्जी ने कड़ी प्रतिक्रिया भी दी थी और कहा था कि हेमंत सोरेन झारखंड को देखें व संभालें। मालूम हो कि हेमंत सोरेन झारखंड में कांग्रेस व राजद के साथ सरकार चला रहे हैं, जबकि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस तृणमूल कांग्रेस व भाजपा के मुकाबले वाम मोर्चा के साथ गठजोड़ कर चुनाव लड़ रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More