पाकुड़ में झामुमो नेता पंकज मिश्र के खिलाफ सड़क पर उतरे आदिवासी छात्र, सीएम हेमंत से कार्रवाई की मांग

पाकुड़ : आदिवासी छात्र-छात्राओं के एक समूह ने गुरुवार को पाकुड़ में झामुमो नेता पंकज मिश्र के खिलाफ सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वरिष्ठ छात्रनायक रामधनी टुडू के नेतृत्व में यह प्रदर्शन शहर के रवींद्र मोड़ मुख्य सड़क पर किया गया और प्रदर्शनकारियों ने पंकज मिश्र पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।


इस संबंध में आदिवासी कल्याण बालक छात्रावास द्वारा जारी प्रेस बयान में कहा गया है कि पंकज मिश्र की मनमानी से आदिवासियों एवं झामुमो के मूल विचार जल, जंगल और जमीन के खिलाफ है। प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि बिना चालान के माइनिंग व ट्रक चलाना घोर अपराध है। पंकज मिश्र झामुमो के केंद्रीय सचिव हैं और बरहेट के विधायक प्रतिनिधि हैं। बरहेट के विधायक स्वयं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि माइनिंग से हमारी प्रकृति को क्षति होती है और स्थानीय लोगों का जीवन यापन मुश्किल होता है। इसलिए सरकार को भ्रष्टाचार पर लगाम लगाना चाहिए।

प्रेस बयान में कहा गया है कि यह सरकार अपने मूल विचार से विचलित होती नजर आ रही है, इससे आदिवासियों व समाज के बुद्धीजीवियों का जीवन प्रभावित हो रहा है। अगर समय पर सरकार की कार्यप्रणाली नहीं बदली तो बहुत ही बुरा संदेश जाएगा। इसलिए पंकज मिश्र पर सरकार कार्रवाई करे। प्रदर्शकारियों ने उन्हें दोनों पद से मुक्त करने की मांग उठायी है और कहा है कि अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में कमल मुर्मू, सुनी मुर्मू, जीतराम मुर्मू, एडवर्ड सोरेन, अजय मुर्मू, शांतिलता मुर्मू, पूर्णिमा, छीता मुर्मू, धन किस्कू, रामचरण मरांडी आदि शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More