Sahibganj News: विद्या भारती विद्यालय में राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता, नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन

साहिबगंज: विद्या भारती विद्यालय, जमुनादास केदारनाथ चौधरी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय में राधा-कृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की सचिव डॉ. मृदुला सिन्हा, सह सचिव शशि जाजोदिया, शंभू जाजोदिया, उपाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार एवं प्रधानाचार्य सुनील पंडित ने संयुक्त रूप से सरस्वती माता, ओंकार, भारत माता और भगवान श्रीकृष्ण के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया।
उत्सव में नन्हे-मुन्ने भैया-बहनों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कक्षा अरुण की बहनों द्वारा मनमोहक स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया, वहीं कक्षा उदय, प्रभात एवं प्रथम के भैया-बहनों ने राधा-कृष्ण पर आधारित भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को कृष्णमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की सचिव डॉ. मृदुला सिन्हा, उपाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार एवं सह सचिव शशि जाजोदिया ने अपने उद्बोधन में श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन और उनके आदर्शों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। रूप सज्जा प्रतियोगिता में बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनोहर वेशभूषा में सजकर सभी का दिल जीत लिया। निर्णायक मंडल के निर्णय अनुसार – कनव पार्थ एवं आनवी आनंद ने प्रथम स्थान, प्रियंका कुमारी एवं शुभम ने द्वितीय स्थान तथा सूर्या कुमार एवं प्रज्ञा कश्यप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता भैया-बहनों को मंचासीन अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन किरण कुमारी गुप्ता ने किया, जबकि अतिथि परिचय प्रधानाचार्य सुनील पंडित ने कराया। इस अवसर पर शिशु वाटिका की प्रमुख आचार्या निर्मला कुमारी, स्नेहा भारद्वाज, सोनी कुमारी, टीनू पाण्डेय सहित कक्षा द्वितीय से षष्ठ तक के सभी भैया-बहन एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।


