झारखंड : हेमंत सरकार ने मनरेगा मजदूरी में की 15 प्रतिशत की वृद्धि, अब मिलेगी इतनी मजदूरी

झारखंड में मनरेगा की मजदूरी दर 194 से बढ़ कर 225 रुपये हुई
राज्य में अब तक 10 करोड़ 11 लाख मानव दिवस का सृजन
रांची : झारखंड सरकार ने मनरेगा के तहत मजदूरों को मिलने वाली राशि में करीब 15 प्रतिशत का इजाफा किया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष से मनरेगा अन्तर्गत राज्य सरकार द्वारा न्यूनतम मजदूरी दर को बढ़ाकर रुपये 225 रुपये . करने के निर्णय लिया गया। अब मनरेगा के तहत कार्य करने वाले श्रमिकों को 194 की जगह 225 रुपये मिलेंगे।
मनरेगा में बेहतर काम करते हुए झारखंड ने पहले ही पूर्व के सारे मानव दिवस के लक्ष्य को प्राप्त किया है। सरकार ने कोरोना काल में जरूरतमंदों के लिए मनरेगा को रोजगार का एक उत्तम माध्यम बनाया था। मालूम हो कि मनरेगा योजना प्रारम्भ होने के पश्चात पहली बार झारखण्ड में आठ करोड़ मानव दिवस सृजन का लक्ष्य को पुनरीक्षित करते हुए 11.50 करोड़ मानव दिवस किया गया है। इसके विरुद्ध अब तक 10 करोड़ 11 लाख मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है।
राज्य सरकार ने जल संरक्षण के क्षेत्र में नीलाम्बर.पीताम्बर जल समृद्धि योजना के तहत अब तक लगभग 2 लाख हेक्टेयर जमीन पर ट्रेंच एवं मेड़ बंदी का काम पूरा कर लिया है। बिरसा हरित ग्राम योजना के जरिये 26 हजार एकड़ भूमि में फलदार पौधे लगाये जा चुके हैं।


