जेपीएससी ने चार सिविल सेवा परीक्षा के लिए निकाली वेकैंसी, 15 मार्च तक कर सकते हैं आवेदन

रांची(Ranchi) : झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने सिविल सेवा (JPSC Civil Service) के 252 पदों के लिए 15 मार्च 2021 तक आवेदन आमंत्रित किया है। जेपीएससी ने एक साथ चार सिविल सेवा परीक्षाओं के लिए आवेदन मांगा है। इन पदों के लिए आॅनलाइन आवेदन 15 फरवरी से भरे जाएंगे। शुल्क 16 मार्च 2021 की रात 11.45 बजे तक जमा किया जा सकता है।

जेपीएससी ने चार सिविल सेवाओं के लिए एक साथ नियुक्ति का आवेदन सोमवार, आठ फरवरी 2021 की देर शाम जारी किया। इसके तहत सातवीं यानी 2017, आठवीं यानी 2018, नौवीं यानी 2019 व दसवीं यानी 2020 की परीक्षा ली जाएगी।

इसके लिए प्रारंभिक परीक्षा दो मई 2021 को हो सकती है, जबकि मुख्य परीक्षा सितंबर 2021 के आखिरी सप्ताह में हो सकती है। इस आवेदन के तहत सिविल सेवा के 44, पुलिस सेवा के 40, जिला समादेष्टा के 16, कारा अधीक्षक के दो, सहायक नगर आयुक्त-कार्यपालक पदाधिकारी के 65, झारखंड शिक्षा सेवा के 41, अवर निबंधक राजस्व के 10, सहायक निबंधक कृषि-पशुपालन के 6, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा के दो, नियोजन पदाधिकारी के नौ एवं प्रोबेशन पदाधिकारी कारा के 17 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

इससे पहले जेपीएससी सिविल सेवा की परीक्षा 2016 में ली गयी थी, इस वजह से अधिकतम उम्र सीमा की गणना एक अगस्त 2016 से और न्यूनतम उम्र सीमा की गणना एक मार्च 2021 के आधार पर की जाएगी। परीक्षा के लिए न्यूनतम उम्र सीमा 21 साल और अधिकतम उम्र सीमा 35 साल रखी गयी है। बीसी – 1 एवं बीसी – 2 के लिए 37 साल, महिला (अनारक्षित, बीसी 1 एवं 2) के लिए 38 साल, अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए 40 साल और इडब्ल्यूएस के लिए 35 साल तय की गयी है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More