पश्चिम बंगाल चुनाव : राजद ने ममता बनर्जी से मांगी छह सीटें, सौंपा प्रस्ताव, नीतीश भी मैदान में जाने को तैयार

पटना (Patma) : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Elections 2021) में इस बार बिहार और झारखंड की प्रमुख राजनीतिक पार्टियां दमखम के साथ ताल ठोंकने को तैयार हैं। बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस से छह सीटें मांगी है। इस संबंध में तृणमूल को प्रस्ताव भी सौंप दिया गया है। मालूम हो कि पिछले दिनों को कोलकाता जाकर राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी और श्याम रजक ने ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी से मुलाकात की थी।

राजद ने बंगाल में अपने पुराने गठबंधन सहयोगी कांग्रेस व वाम से किनारा कर लिया है और तृणमूल की ओर दोस्ती का हाथ बढाया है। इसके पीछे राजद ने तर्क दिया है कि बंगाल में तृणमूल के पास ही भाजपा को रोकने की ताकत है, इसलिए वह उसके साथ गठजोड़ करना चाहती है। हालांकि राजद की बंगाल इकाई के कुछ नेता चाहते हैं कि पार्टी वाम-कांग्रेस गठजोड़ में ही बनी रहे, क्योंकि वहां जो सम्मान मिलता है, वह तृणमूल कांग्रेस में नहीं मिलेगा।

पश्चिम बंगाल राजद के अध्यक्ष ंिबंदा राय ने तृणमूल कांग्रेस को कोलकाता के बड़ा बाजार, आसनसोल के राजीगंज, जमुडिया, पंडेश्वर और चौबीस परगना में बाटपारा एवं मेदिनीपुर जिले की खडग़पुर सीट का प्रस्ताव दिया है। राजद ने ये सीटें तृणमूल से खुद के लए मांगी है। राजद नेताओं का तर्क है कि बिहार वासियों की पश्चिम बंगाल में काफी संख्या है और तृणमूल अगर उनसे गठजोड़ करती है तो उनके वोटों का लाभ उसे मिलेगा। हालांकि अबतक तृणमूल हाइकमान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।

उधर, जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार भी बंगाल में चुनाव लड़ने की तैयार में हैं। जदयू 40 सीटों को चिह्नित कर चल रहा है। पार्टी की नजर वैसे नेताओं पर है, जो अन्य पार्टियों में टिकट व अन्य वजहों से नाराज हैं। जदयू का भाजपा से गठजोड़ सिर्फ बिहार तक है, ऐसे में वह वहां स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ सकता है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More