राकेश टिकैत ने बताया, छह फरवरी के चक्का जाम का प्लान, इन दो राज्यों व दिल्ली में रहेगी छूट

नयी दिल्ली : भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि शनिवार, छह फरवरी को होने वाला राष्ट्रव्यापी चक्का जाम दो राज्यों व दिल्ली में प्रभावी नहीं होगा। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड एवं दिल्ली में इस दिन चक्का जाम नहीं किया जाएगा।

 

किसान संगठनों के साझा मंच संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर यह छह फरवरी को राष्ट्रव्यापी चक्का जाम होने वाला है। यह चक्का जाम दोपहर 12 बजे से दोपहर तीन बजे तक प्रभावी होगा। इस दौरान सभी नेेशनल व स्टेट हाइवे जाम किए जाएंगे। प्रमुख सड़क मार्गाें पर तीन घंटे गाड़ियां नहीं चलने दी जाएंगी।


भारतीय किसान यूनियन दोआबा गुट के अध्यक्ष मंजीत सिंह राय ने कहा है कि इस चक्का जाम के जरिए किसान अपनी एकजुटता दिखाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हम सरकार को अपनी ताकत दिखाना चाहते हैं। सिंघु व टिकरी बाॅर्डर से किसान नेता इस चक्का जाम की मानिटरिंग करेंगे।

 

चक्का जाम को लेकर दिल्ली पुलिस ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर रखी हैं, भले राकेश टिकैत यह कह रहे हों कि दिल्ली में यह प्रभावी नहीं होगा।

 

दिल्ली पुलिस के पीआरओ ने कहा है कि पूरे देश में कल किसानों का तीन घंटे का चक्का जाम होने वाला है, उसके मद्देनजर हमने दिल्ली बाॅर्डर पर सुरक्षा बढा दी है। उन्होनंे कहा कि हालांकि किसानों ने कहा है कि वे दिल्ली में ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं लेकिन 26 जनवरी को जो हुआ उसके मद्देनजर हम एहतियात बरत रहे हैं।

किसान यह चक्का जाम 26 जनवरी के दिन ट्रैक्टर मार्च के दौरान जब्त किए गए ट्रैक्टरों, वाहनों को मुक्त करने की मांग को लेकर कर रहे हैं। दिल्ली की सीमाओं पर कई मार्गाें को ब्लाॅक किया जा रहा है व कई किसान प्रदर्शनकारी पर एफआइआर की गयी है और उन्हें गिरफ्तार किया गया है। धरना स्थल पर बिजली-पानी की आपूर्ति बाधित की जा रही है। इंटरनेट सेवा भी बंद की गयी है। इससे किसान नाराज हैं और उसके खिलाफ वे सड़क जाम कर अपना विरोध जता रहे हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More