भाजपा विधायक बिरंची नारायण ने स्वच्छता कर्मियों को सेवा विस्तार देने की उठायी मांग

रांची : भारतीय जनता पार्टी के बोकारो से विधायक व विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक बिंरची नारायण ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार से सफाई कर्मियों को सेवा विस्तार देने की मांग की है। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के 522 अनुबंधित कर्मियों की सेवा विस्तार की मांग की है। उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार अपनी नाकामयाबी छिपाने के लिए अन्य एजेंसियों को बलि का बकरा बनाने से बाज आए।

विधायक बिरंची नारायण ने कहा है कि इन कर्मियों की सेवा समाप्त करने का निर्णय राज्य सरकार ने लिया है। ऐसे नीतिगत फैसले के लिए यूनिसेफ या अन्य एजेंसियों पर दोषारोपण करके अपनी नाकामी का ठीकरा दूसरों पर फोड़ना ठीक नहीं है।

बिरंची नारायण ने कहा है कि आंदोलनरत स्वच्छता कर्मियों के अनुसार, झारखंड में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 1118 पद हैं। इनके विरुद्ध मात्र 522 अनुबंधित कर्मी वर्तमान में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा है कि बिहार, छत्तीसगढ एवं असम जैसे राज्यों में सभी स्वच्छता कर्मियों को सेवा विस्तार दिया गया है। पर झारखंड में उन्हें रोजगार देने के बजाय हटाया जा रहा है।

बिरंची नारायण ने कहा है कि स्वच्छता कर्मियों को सेवा विस्तान देने का नीतिगत फैसला राज्य सरकार को करना है। उन्होंने कहा है कि इन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में अच्छा काम किया है। राज्य सरकार तत्काल इन्हें सेवा विस्तार दे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More