सीता सोरेन की बेटियां जयश्री व राजश्री कल अपने गृह जिले रामगढ से करेंगी अभियान की शुरुआत

रांची : सत्ताधारी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा की विधायक सीता सोरेन की बेटियां जयश्री सोरेन एवं राजश्री सोरेन मंगलवार, 18 अक्टूबर 2021 को अपने सार्वजनिक कार्यक्रम की औपचारिक रूप से शुरुआत करेंगी। इसके लिए इन्होंने अपने गृह जिला रामगढ को चुना है। ध्यान रहे कि सोरेन परिवार का पैतृक गांव रामगढ जिले में ही स्थित है।

जयश्री सोरेन एवं राजश्री सोरेन ने वियजादशमी के दिन 15 अक्टूबर को अपने दिवंगत पिता दुर्गा सोरेन के नाम पर दुर्गा सोरेन सेना के गठन का ऐलान किया था। दोनों बहनों ने इस संगठन को गैर राजनीतिक व सामाजिक संगठन बताया था जिसका उद्देश्य समाज के लिए, लोगों के लिए काम करना है। उन्होंने इस अभियान से लोगों से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की। जयश्री-राजश्री की इस कोशिश को छोटी बहन व मां सीता सोरेन का भी समर्थन हासिल हुआ।

संगठन के गठन के बाद औपचारिक रूप से इसका आधिकारिक ट्विटर हैंडल बनाया गया, जिससे इसकी गतिविधियों की जानकारी दी जाती है। दुर्गा सोरेन सेना के ट्विटर हैंडल से यह जानकारी दी गयी है कि दुर्गा सोरेन सेना की केंद्रीय अध्यक्ष जयश्री सोरेन एवं कार्यकारी अध्यक्ष राजश्री सोरेन 19 अक्टूबर को रामगढ जिला जाएंगी। वे वहां शहीद सोना सोबरम सोरेन स्थल से एक कार्यक्रम की शुरुआत करेंगी।

हालांकि अभी यह जानकारी नहीं दी गयी है कि इस कार्यक्रम की रूपरेखा क्या होगी। संभावना है कि आम लोगों से जुड़ने के लिए वे कोई सामाजिक कार्यक्रम शुरू करें।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More